नई दिल्ली : चुनावी समर में राजनीतिक दल एक-दूसरे पर शब्दों के बाण चला रहे हैं। इस दौरान राजनेता अपनी-अपनी सरकारों के काम लोगों को बता रहे हैं। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार काे केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह पर हमला किया। केजरीवाल ने कहा कि सिंह दिल्ली सरकार के चार साल के कार्यकाल की भी बराबरी किसी भी क्षेत्र में नहीं कर सकते हैं। मोदी सरकार के पांच साल के कार्यकाल पर दिल्ली की आम आदमी पार्टी की सरकार के चार साल भारी हैं।
बता दें कि राजनाथ सिंह ने मंगलवार को यमुनापार में एक रैली में बयान दिया कि बिजली पानी और सीसीटीवी कैमरों के बारे में केजरीवाल सरकार ने क्या किया है? इसका उत्तर देते हुए केजरीवाल ने कहा मोदी जी ने दिल्ली वालों के सीसीटीवी कैमरे तीन साल तक रोके। मनीष सिसोदिया एवं सत्येन्द्र जैन ने एक हफ्ता भूख हड़ताल करके पास करवाए। अब पूरी दिल्ली में सीसीटीवी कैमरे लग रहे हैं। दिल्ली को फ्री पानी मिल रहा है। मोदी सरकार चार साल से दिल्ली का लोकपाल लेकर बैठी रही।
केजरीवाल ने सिंह पर तंज कसा कि कृपया अपने बॉस की तरह झूठ मत बोलिए। भाजपा पर निशाना साधते हुए केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी की दिल्ली सरकार ने जहां दिल्ली वालों को 11000 प्रति माह की बचत करवाई वहीं भाजपा ने दिल्ली की जनता पर 16000 प्रति माह का अतिरिक्त भार डालने का काम किया है। एक ट्वीट के जरिए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पीएम मोदी पर निशाना साधा है। इस ट्वीट में केजरीवाल ने दिल्ली के एक आम घर के मासिक बजट का जिक्र करते हुए दिल्ली सरकार द्वारा इस खर्च में बचत कराने का दावा किया है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार ने बिजली बिल में 2500, पानी के बिल में 1000, स्कूल में फीस वृद्धि (दो बच्चे) नहीं कराकर 5000 और दवा के बिल में 2500 रुपये की बचत कराई। जिससे यह कुल बचत मिलाकर 11000 रुपये हो गई। वहीं मोदी जी की सरकार ने गैस के खर्च में 1000, मेट्रो किराये के रूप में 2000 रुपये (दो लोग प्रति परिवार) पेट्रोल/डीजल खर्च के रूप में 5000 रुपये और महंगाई के रूप में 8000 रुपये का नुकसान कराया। जिससे भाजपा सरकार ने एक आम घर का कुल मासिक 16000 रुपये का नुकसान करा दिया।
‘चार साल में इतने काम किए जितने भाजपा शासित राज्यों में 15 साल में नहीं हुए’
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपने चुनाव-प्रचार अभियान के तहत मंगलवार को रोहिणी सहित दिल्ली के कई क्षेत्रों में जनसभाओं को संबोधित किया। इस दौरान पार्टी के कई विधायक एवं कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मौजूद लोगों को दिल्ली सरकार के कामों के बारे में जानकारी देते हुए पूर्णराज्य के दर्जे के लाभ बताए। उन्होंने कहा कि चार साल में हमनें दिल्ली में इतने काम किये हैं जितने भाजपा शासित राज्यों में 15 सालों में भी नहीं हुए।
इनमें चाहे शिक्षा से जुड़े काम हों या स्वास्थ्य क्षेत्र के काम हों। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में बिजली सबसे सस्ती है। इतनी सस्ती बिजली देश या दुनिया में कही भी नहीं हैं। पहली बार दिल्ली में दस हजार गलियां बन रही हैं, ऐसा कांग्रेस या भाजपा की सरकार के कार्यकाल में पहले कभी नहीं हुआ।
केन्द्र की भाजपा सरकार पर आक्रमक रुख अख्तियार करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि चार साल में मोदी सरकार ने हमारे काम रोकने का प्रयास किया। हमारे मंत्रियों को सीसीटीवी लगवाने के लिए एलजी हाउस में धरना-प्रदर्शन तक करना पड़ा।


Download Android App
Download iOS App



