देश के ज्यादातर हिस्सों में गर्मी का सितम शुरू हो चुका है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर में पहाड़ी इलाकों में रुक-रुक कर बारिश और बर्फबारी का सिलसिला बना हुआ है। इसके चलते राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। सोमवार यानी आज सुबह दिल्ली-एनसीआर के अधिकांश हिस्सों में अंधेरा छा गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि आज दिल्ली-एनसीआर में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हो सकती है। इसके साथ ही दिल्ली वालों को गर्मी से राहत मिलेगी।
दिल्ली के मौसम विज्ञान की तरफ से जारी पूर्वानुमान पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की वजह से सोमवार से बुधवार तक बारिश होने का अनुमान है। जिसके तहत सोमवार व मंगलवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे। साथ ही 30 से 50 किमी प्रतिघंटे की गति से बारिश होने के आसार हैं। वहीं बुधवार को आसमान में बादल छाए रहने के साथ ही हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग की तरफ से जारी आंकड़ों के अनुसार रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री दर्ज किया गया है।
दिल्ली में अधिकतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री अधिक है, लेकिन मौसम में बदलाव के साथ ही दिल्ली के अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा सकेगी। जिसके तहत दिल्ली का अधिकतम तापमान 3 डिग्री से अधिक की गिरावट के साथ गुरुवार तक 32 डिग्री तक दर्ज किया जा सकता है। हालांकि इसके बाद एक बार फिर अधिकतम तापमान में धीरे -धीरे बढ़ोतरी होगी।
इसके अलावा मौसम विभाग के मुताबिक आज और कल पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़, पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पश्चिमी राजस्थान में तेज गरज के साथ ओले गिरने की संभावना है। आईएमडी ने जानकारी दी है कि पश्चिमी विक्षोभ उत्पन्न हो रहा है। इसका असर उत्तर पश्चिमी राजस्थान समेत अन्य इलाकों पर पड़ेगा।


Download Android App
Download iOS App



