राजधानी के पेयजल पर आयी केन्द्र सरकार के संस्थान भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) की रिपोर्ट को लेकर दिल्ली की सत्ता पर काबिज आम आदमी पार्टी (आप) ने केन्द्रीय मंत्री रामविलास पासवान पर करारा हमला बोला है। आप के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने इस रिपोर्ट को सिरे से खारिज करते हुए दिल्ली के पानी पर केन्द्र के ही दो मंत्रियों में विरोधाभास होने की बात कही है। इस बारे में उन्होंने एक ट्वीट कर कहा कि केन्द्र सरकार के जलशक्ति मंत्री कहते हैं कि दिल्ली में 20 जगह पानी का सैंपल लिया गया जो जांच में यूरोपियन स्टैंडर्ड से अच्छा पाया गया।
अब मौसम वैज्ञानिक पासवान जी जल वैज्ञानिक कब बने? झूठ क्यूं बोल रहे हैं पता नही? मंत्री आपस में तय करें सच कौन बोल रहा? इस ट्वीट के साथ संजय सिंह ने केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत की उस खबर को भी ट्वीट किया जिसमें उन्होंने दिल्ली के पानी को यूरोपीय स्टेंडर्ड से भी अच्छा बताया है। सिंह ने कहा कि दिल्ली को बदनाम करने की किसी मुहिम को कोई भी चला सकता है।
लेकिन पानी के सैंपल पर केन्द्र के दो कैबिनेट मंत्रियों के बयान विरोधाभासी होंगे तो इससे लोगों के मन में संशय पैदा होगा। उन्होंने कहा कि बीते दिनों केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि दिल्ली में 20 जगहों से पानी के सैंपल लिए गए, जो यूरोपीय मानकों पर खरे उतरे हैं। अब पहले दोनों मंत्रियों का बताना चाहिए कि कौन सच बोल रहा है कौन झूठ।
वैसे भी राम विलास पासवान को इस तरह की ओछी राजनीति नहीं करनी चाहिए। संजय सिंह ने चुनौती दी कि भाजपा शासित राज्यों के शहरों के सैंपल व दिल्ली के सैंपल का किसी निष्पक्ष एजेंसी से जांच करवा लें। तब पता चल जाएगा कि किस शहर का पानी खराब है।
दिल्ली जलबोर्ड ने खारिज की केन्द्र की रिपोर्ट
दिल्ली के पानी को लेकर केन्द्र की एजेंसी द्वारा जारी रिपोर्ट को दिल्ली जलबोर्ड ने खारिज कर दिया है। जलबोर्ड के उपाध्यक्ष दिनेश मोहनिया ने कहा कि ये टेस्ट कहां कराए गए और इसकी विस्तृत रिपोर्ट कहां है। उन्होंने दावा किया कि शहर के पानी की गुणवत्ता की जांच नियमित तौर पर की जाती है और आपूर्ति किया जाने वाला पानी डब्ल्यूएचओ के सभी मानकों पर खरा उतरता है।
मोहनिया ने आगे कहा कि हर 2-3 घंटे में रेंडम सैंपल लिए जाते हैं और उनकी गुणवत्ता चेक की जाती है। केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत का हवाला देते हुए जलबोर्ड उपाध्यक्ष ने कहा कि राजधानी का पानी इतना बढ़िया है कि केन्द्रीय मंत्री ने भी माना कि दिल्ली में पानी की क्वालिटी यूरोपियन स्टैंडर्ड से बेहतर है।


Download Android App
Download iOS App



