दिल्ली के आदर्श नगर इलाके में 21 साल की लड़की को उसके 22 साल के दोस्त ने चाकू मारकर घायल कर दिया। घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। कहा जा रहा है कि आरोपी इस बात से नाराज था कि लड़की ने उससे बात करना छोड़ दिया था। वहीं आरोपी को मंगलवार को गिरफ्तार किया गया और भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 307 (हत्या का प्रयास) के तहत मामला दर्ज किया गया। उसकी पहचान सुखविंदर सिंह के रूप में हुई है।
लंबे समय से थी दोस्ती
महिला की आरोपी से कई सालों से दोस्ती थी, लेकिन किसी बात को लेकर दोनों की दोस्ती में खटास आ गई। इसके बाद युवती ने आरोपी से बात करना बंद कर दिया। आरोपी इसी बात से नाराज था और उसने सोमवार को लड़की पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया और घटनास्थल से फरार हो गया।
घायल युवती अस्पताल में भर्ती
बाद में पुलिस को पता चला कि वह अंबाला भाग गया था और वहां से उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल, घायल युवती को दिल्ली के जहांगीरपुरी के बाबू जगजीवन राम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है और उसकी हालत स्थिर है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।


Download Android App
Download iOS App



