नई दिल्ली : कहते हैं सत्ता का नशा जल्द नहीं उतरता है। कुछ ऐसा ही निगम नेताओं के साथ हो रहा है। इनमें साउथ एमसीडी के मेयर रहे नरेंद्र चावला और ईस्ट एमसीडी के मेयर रहे बिपिन बिहारी सिंह का नाम टॉप पर है। एमसीडी के सर्वोच्च पद पर बैठ चुके साउथ एमसीडी के पूर्व महापौर नरेंद्र चावला और ईस्ट एमसीडी के पूर्व मेयर बिपिन बिहारी सिंह के सिर से मेयर पद का खुमार अब तक नहीं उतरा है, भले ही मेयर ऑफिस से अब उनकी नेम प्लेट उतर चुकी है, लेकिन ट्वीटर पर दोनों नेता अभी भी मेयर बने हुए हैं। चावला अपना कार्यकाल 26 अप्रैल को और सिंह अपना कार्यकाल 29 अप्रैल को पूरा कर चुके हैं।
इसके बाद साउथ एमसीडी में सुनीता कांगड़ा व ईस्ट एमसीडी में अंजू कमलकांत नई मेयर बन चुकी हैं। दोनों निगम मुख्यालयों में भी मेयर ऑफिस ही नहीं, बल्कि निगम के सभी जगहों पर मेयर के तौर पर दोनों नई मेयर का नाम चलने लगा है। लेकिन ट्वीटर पर दोनों पूर्व मेयर भी मेयर पद पर अभी भी काबिज हैं। बता दें कि चावला और सिंह को स्टैंडिंग कमेटी के सदस्य के रूप में चुना जा चुका है।
ऐसा नहीं है कि दोनों पूर्व महापौर ट्वीटर का इस्तेमाल न करतें हों। दोनों रोजाना लोकसभा चुनावों के प्रचार से संबंधित ट्वीट करते रहते हैं। फिर भी दोनों ने अपने ट्वीटर हैंडल पर मेयर हटाना उचित नहीं समझा। इस मामले में नॉर्थ एमसीडी के पूर्व मेयर आदेश गुप्ता आगे निकले। गुप्ता अपना ट्वीटर हैंडल अपडेट कर फॉर्मर मेयर लिख चुके हैं। साउथ एमसीडी की बात करें तो नई मेयर सुनीता कांगड़ा भी अपने ट्वीटर हैंडल पर मेयर लिख चुकी हैं। ऐसे में ट्वीटर जैसे सोशल मीडिया का इस्तेमाल करने वाले लोगों में कंफ्यूजन बना हुआ है कि आखिर मेयर कौन है?
– राजेश रंजन सिंह


Download Android App
Download iOS App



