नई दिल्ली : दिल्ली यदि पूर्ण राज्य बनता है तो अगले दस साल में हर परिवार को पक्का घर दे दिया जाएगा। यह कहना है मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का। गुरुवार को तुगलकाबाद की तीन बड़ी कॉलोनियों की 48 गलियों, सड़कों और नालियों के विकास कार्य का शुभारंभ करते हुए उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार ने अपने चार साल में राजधानी की सूरत ही बदल दी। जो काम 70 साल में भाजपा-कांग्रेस नहीं कर पाई आप सरकार ने चार साल में ही करा दिए।
इस मौके पर उन्होंने तुगलकाबाद गांव के लिए 12 इंच की गंगाजल की लाइन डालने का कार्य का भी उद्घाटन किया। कार्यक्रम के दौरान केजरीवाल ने कहा कि भाजपा-कांग्रेस चुनावी वादा कर वोट मांगती है और जीतने के बाद सब भूल जाती है। जबकि हम पहले वादे पूरा करते हैं उसके बाद ही वोट मांगने आए हैं। उन्होंने कहा कि आज दिल्ली की कच्ची काॅलोनी, जेजे कलस्टर, गांव सहित अन्य जगहों पर जिस तेजी से काम हो रहे हैं वह कभी नहीं हुआ। उन्होंने नजफगढ़ का उदाहरण देते हुए कहा कि 70 साल में वहां 200 किमी पाइपलाइन डाली गई थी जबकि हमारी सरकार ने 400 किलोमीटर की पाइप लाइन डाल दी।
केजरीवाल ने कहा कि केंद्र सरकार ने हमें बहुत तंग किया। इतना तंग करना प्रधानमंत्री को शोभा नहीं देता। दिल्ली भी अपनी है, वो कोई पाकिस्तान में थोड़ी रहते हैं। हम स्कूल, अस्पताल, सीसीटीवी लगाना, बिजली सस्ती करना चाहते हैं लेकिन करने नहीं दे रहें। हमारी फाइल को रोक देते हैं लेकिन हम भी हर लड़कर करवा लेते हैं। एलजी हाउस में हमारे मंत्री ने धरना कर फाइल पास करवा ली। उन्होंने कहा कि यदि दिल्ली पूर्ण राज्य बन जाती है तो हमें हरियाणा की तरह केंद्र सरकार के पास जाने की जरूरत नहीं होगी।


Download Android App
Download iOS App



