नई दिल्ली : आप पार्टी सरकार के पांच साल के कार्यकाल में फेल होने के कारण दिल्ली की जनता के बीच उनकी पार्टी का लगातार गिरता ग्राफ भाजपा के पक्ष में है। इसे चुनाव परिणामों में बदलने के लिए हमें केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को दिल्ली के घर-घर तक ले जाना है। ये बातें भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व दिल्ली के प्रभारी श्याम जाजू ने दिल्ली विधानसभा चुनावों को लेकर दिल्ली भाजपा कार्यालय पर गुरुवार को हुई प्रवासी कार्यकर्ताओं की संगठनात्मक बैठक में कहीं।
इस मौके पर राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष और प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन ने संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की। वहीं दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने भी प्रवासी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री कुलजीत सिंह, राजेश भाटिया और प्रदेश उपाध्यक्ष अभय वर्मा उपस्थित रहे।
इस दौरान जाजू ने कहा कि सभी प्रवासी कार्यकर्ताओं की मेहनत के दम पर दिल्ली विधानसभा में अपनी विजय को हम निश्चित ही तय कर पाएंगें। उन्होंने कहा कि राष्ट्रवादी विचारधारा पर चलते हुए अराजकतावादी केजरीवाल सरकार को दिल्ली की सत्ता से बाहर करने का संकल्प आज हम सभी को लेकर आगे बढ़ना है।
वहीं तिवारी ने कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में विजय को अपने पक्ष में करने के लिए हमें आम आदमी पार्टी की उन नाकामियों को जनता तक पहुंचाना होगा जिसके कारण आज दिल्ली की जनता को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। तिवारी ने कहा कि हमें जनता को बताना होगा कि किस प्रकार कच्ची कॉलोनियों को नियमित करने में सबसे बड़ी बाधा दिल्ली के मुख्यमंत्री ने पहुंचाई है।


Download Android App
Download iOS App



