दिल्ली : जोरबाग स्टेशन पर महिला यात्री ने चलती मेट्रो के आगे लगाई छलांग

Summary :

दिल्ली येलो लाइन पर चलती मेट्रो ट्रेन के सामने कथित रूप से कूदने और टक्कर लगने से सोमवार को एक महिला यात्री घायल हो गयी, जिससे येलो लाइन के एक हिस्से पर मेट्रो सेवाएं कुछ देर के लिए बाधित रहीं।

दिल्ली येलो लाइन पर चलती मेट्रो ट्रेन के सामने कथित रूप से कूदने और टक्कर लगने से सोमवार को एक महिला यात्री घायल हो गयी, जिससे येलो लाइन के एक हिस्से पर मेट्रो सेवाएं कुछ देर के लिए बाधित रहीं। सूत्रों ने यह जानकारी दी। येलो लाइन दिल्ली में समयपुर बादली और हरियाणा के गुरुग्राम में हुडा सिटी सेंटर को जोड़ती है। घटना जोरबाग मेट्रो स्टेशन पर हुई।
घटना पर डीएमआरसी ने किया ट्वीट 

सूत्रों ने बताया कि ट्रेन हुडा सिटी सेंटर की ओर जा रही थी कि महिला प्लेटफॉर्म से कूद गई और ट्रेन ने उसे टक्कर मार दी। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने मेट्रो यात्रियों को सचेत करने के लिए पूर्वाह्न 11 बज कर करीब 20 मिनट पर ट्वीट किया: ‘‘येलो लाइन अपडेट – जोर बाग में एक यात्री के ट्रैक पर कूद जाने के कारण केंद्रीय सचिवालय से ग्रीन पार्क तक सेवाओं में देरी हुई। अन्य सभी लाइनों पर सेवाएं सामान्य हैं।’’
डीएमआरसी और पुलिस अधिकारियों से आगे के विवरण की प्रतीक्षा की जा रही है। पूर्वाह्न करीब साढ़े ग्यारह बजे डीएमआरसी ने फिर ट्वीट किया कि सामान्य सेवाएं फिर से बहाल हो गई हैं।
 

Desk Team