नई दिल्ली : दिल्ली भाजपा अध्यक्ष एवं उत्तर पूर्वी दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी ने शनिवार को लोगों की समस्या जानने के लिए यमुना विहार स्थित उत्तर पूर्वी जिला भाजपा कार्यालय पर लोगों से मुलाकात की। इस मौके पर जन शिकायत और सुझाव केंद्र पर क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने अपनी समस्याएं सांसद के समक्ष रखीं और तिवारी ने शीघ्र निदान का भरोसा दिया।
इस अवसर पर बिजली, पानी, स्कूलों में दाखिला, वृद्धावस्था पेंशन, गरीबों के मुफ्त इलाज, पुलिस एवं अन्य कई प्रशासनिक की स्तर की समस्याएं जनता ने सांसद के समक्ष रखीं। समस्याएं सुनने के बाद तिवारी ने कहा कि गरीबों का इलाज न हो पाने के कारण लोग दुखी हैं तो कहीं छात्रों को उनकी रुचि के अनुसार शिक्षा की व्यवस्था देने में दिल्ली सरकार की नाकामी की शिकायत इस दौरान मिली है।
कई जगह पीने के पानी की व्यवस्था न होने के कारण लोग दुखी हैं तो कई विधवा और वृद्धों ने दिल्ली सरकार द्वारा उनकी पेंशन बंद कर दिए जाने की शिकायत रखी। उन्होंने कहा कि अगर नाकामपंथी केजरीवाल ने दिल्ली का दर्द समझा होता तो इतनी बड़ी संख्या में लोग शिकायत करने के लिए इस दरबार में नहीं आते।


Download Android App
Download iOS App



