सेना में भर्ती की नयी प्रणाली ‘अग्निपथ योजना’ के खिलाफ भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता सड़कों और पटरियों पर उतर आए हैं। अग्निपथ योजना को वापस लेने की अपनी मांग को लेकर भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय राजधानी में कनॉट प्लेस के निकट शिवाजी ब्रिज रेलवे स्टेशन पर एक ट्रेन को रोक दिया।
हालांकि पुलिस और सुरक्षाकर्मियों ने कुछ ही देर में रेल पटरी को खाली कराया और करीब आधे घंटे बाद ट्रेन की आवाजाही फिर से शुरू हुई। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया। पुलिस कर्मियों ने उन्हें रेल पटरी और स्टेशन से हटाने की कोशिश भी की।
भारत बंद के दौरान दिल्ली में युवा कांग्रेस के साथियों ने ट्रेन रोक कर अग्निपथ योजना के खिलाफ प्रदर्शन किया।
अग्निपथ स्कीम के खिलाफ देशभर के युवाओं ने भारत बंद का आह्वान किया है। हम देश के युवाओं के साथ हैं।
सरकार मनमानी करते हुए कोई भी फैसला नहीं ले सकती। #AgnipathWapasLo pic.twitter.com/LxlzT5RH3U
— Indian Youth Congress (@IYC) June 20, 2022
युवा कांग्रेस के अध्यक्ष श्रीनिवास बी वी ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘सरकार को अग्निवीर योजना को वापस लेने की जरूरत है। युवा कांग्रेस इस देश में बेरोजगार युवाओं के लिए लड़ेगी जो देश की सेवा करना चाहते हैं।’’ युवा कांग्रेस सदस्यों ने पास स्थित कनॉट प्लेस में भी विरोध प्रदर्शन किया।
जंतर-मंतर पर कांग्रेस का ‘सत्याग्रह’
राहुल गांधी से ईडी की पूछताछ को लेकर आक्रोशित कांग्रेस ने अग्पिनपथ योजना पर युवाओं के गुस्से को देखते हुए इस मुद्दे को भी अपने आंदोलन का हिस्सा बना लिया है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के अलावा कई बड़े नेताओं की मौजूदगी में जंतर-मंतर पर कांग्रेस ‘सत्याग्रह’ कर रही है।


Download Android App
Download iOS App



