दक्षिणी दिल्ली : गोविंदपुरी स्थित मंकी पार्क में शनिवार शाम महिला मित्र से लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने कथित रूप से सिविल इंजीनियर की पढ़ाई कर रहे एक छात्र की सीने में चाकू घोंपकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान त्रिलोकपुरी निवासी नरेश डाबर (24) के रूप में हुई है। वहीं पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि चौथे आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है। बताया जा रहा है कि जिस वक्त नरेश खून से लथपथ पार्क में पड़ा तड़प रहा था, उस वक्त हथियारबंद चार बदमाश उसकी महिला मित्र से लूटपाट कर रहे थे। बदमाश उससे फोन, कानों के कुंडल और नथुनी लूटकर फरार हो गए। शोर होने पर आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे और नरेश को हमदर्द अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने रविवार को शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस के मुताबिक नरेश अपने परिजनों के साथ त्रिलोकपुरी तीन नम्बर ब्लॉक में मकान संख्या-463 में रहता था। उसके परिवार में पिता कजोरीमल डाबर, मां लाली देवी, दो भाई और एक बहन है। कजोरीमल ठेकेदार है। नरेश के चाचा कैलाश चंद डाबर ने बताया कि नरेश साकेत स्थित एक प्राइवेट इंस्टीट्यूट से सिविल इंजीनियरिंग में अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। पुलिस सूत्रों की मानें तो नरेश शनिवार शाम अपनी महिला मित्र से मिलने के लिए डीडीए के मंकी पार्क में आया था। तभी हथियारबंद चार बदमाशों ने दोनों को घेर लिया।
बदमाश नरेश की दोस्त से बदतमीजी करने लगे। विरोध करने पर पहले दोनों को मारा। फिर महिला से उसका फोन लूटने लगे। नरेश ने जब इसका सख्ती से विरोध किया तो बदमाशों ने चाकू निकालकर उसके सीने में घोंप दिया। वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गया। जिसके बाद बदमाश उसकी महिला मित्र से लूटपाट कर मौके से फरार हो गए। इस बीच शोर होने पर वहां टहल रहे लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत नरेश को नजदीकी हमदर्द अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



