पटपड़गंज से भारतीय जनता पार्टी के विधायक रविंद्र सिंह नेगी के आदेश के बाद मंदिरों के आस-पास स्थित मीट की दुकानों को बंद करा दिया गया है। पटपड़गंज से भाजपा विधायक रविंद्र सिंह नेगी ने मीडिया से कहा, पटपड़गंज विधानसभा के अंदर जितने भी धार्मिक स्थल या मंदिर हैं, उनके आगे मीट की दुकानें बंद हैं। दुकान वालों को बुलाकर इसके लिए अपील की थी और उन्होंने इसे स्वीकार किया। उन्होंने माना कि मंदिर के आस-पास की दुकानों को बंद रखेंगे। इससे किसी को कोई आपत्ति नहीं है।
मीट की दुकानों पर नेम प्लेट लगाने की मांग
भाजपा विधायक करनैल सिंह के दुकानों पर नेम प्लेट लगाने की मांग पर रविंद्र नेगी ने कहा, नेम प्लेट लगाने की बात मैं आज से दो साल पहले उठा चुका हूं। हमारे क्षेत्र में कई दुकानें हैं, जैसे कि गढ़वाल पनीर के नाम से चल रही थी, जब पेमेंट करो तो असद अली लिखा आता है। कई बहनों की अपील थी कि ऐसा होना चाहिए और इसलिए हमने कम से कम 30-40 दुकानों पर नेम प्लेट लगवाई। मौलाना तौकीर रजा के ईद को ‘गम की ईद’ बताने पर नेगी ने कहा, तौकीर रजा जैसे लोग हैं जो समाज का माहौल खराब करते हैं। आज पर्व चल रहे हैं, कोई नवरात्र मना रहा है तो कोई ईद मना रहा है। खुशी का माहौल है, लेकिन ये लोग दंगे जैसी स्थिति पैदा करने के लिए ऐसा बयान देते हैं।
तौकीर रजा के बयान पर भाजपा विधायक का हमला
‘जहां मन होगा, वहां नमाज’ पढ़ने वाले तौकीर रजा के बयान पर भाजपा विधायक ने कहा, आप सरकारी सड़कों पर नमाज कैसे पढ़ सकते हैं? हम राम नवमी की शोभायात्रा निकालते हैं तो परमिशन लेते हैं। ऐसे में अगर आपको नमाज पढ़ना है तो प्रशासन से परमिशन लेनी चाहिए। आपके पास मदरसे हैं, उसमें नमाज पढ़नी चाहिए। रोड पर नमाज पढ़ने की क्या जरूरत है?कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री के मुजफ्फरनगर का नाम बदलने को लेकर नेगी ने कहा, मुझे लगता है कि पूरे देश में मुस्लिम आक्रांताओं ने अपनी क्रूरता के साथ नाम में जो बदलाव किए हैं, अब वक्त आ गया है कि नाम वापस बदलने चाहिए।


Download Android App
Download iOS App



