नई दिल्ली : भाजपा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने शनिवार को प्रदेश कार्यालय पर महिला मोर्चा द्वारा आयोजित बैठक में भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की 128 वीं जंयती की पूर्व संध्या पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस मौके पर प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, महामंत्री कुलजीत सिंह चहल, रविन्द्र गुप्ता, राजेश भाटिया, महिला मोर्चा अध्यक्ष पूनम पाराशर झा सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे। इस अवसर पर मनोज तिवारी ने कहा कि बाबा साहब सामाजिक न्याय के सूर्य हैं जिन्होंने समाज को बांटने वाले अंधकार को अपने ज्ञान से क्षीण कर दिया।
ऐसी महान शख्सियत को पुष्पांजलि अर्पित कर मैं गर्व महसूस करता हूं। भारत के मार्टिन लूथर कहे जाने वाले बाबा साहब को मैं नमन करता हूं। भारत का भविष्य कैसा होगा इसके लिए आज देश के गांव-शहरों की गलियों में सिर्फ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की चर्चा है। प्रधानमंत्री मोदी देश ही नहीं विदेशों के भी श्रेष्ठ पुरस्कारों से सम्मानित किए जा रहे हैं, जो कि देश के प्रत्येक नागरिक के लिए गर्व की बात है। एक अन्य कार्यक्रम में डाॅ. अम्बेडकर को पुष्पांजिल अर्पित करते हुए केन्द्रीय मंत्री थावर चंद गहलोत ने कहा कि बाबा साहेब के विचार उस तरह के नहीं थे, जिस तरह आज की कुछ राजनैतिक पार्टियां उन्हें पेश करती हैं।
उनका मत ये था कि देश में जो भी अवसर हैं, उस पर सभी का हक है। सभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दुष्यंत कुमार गौतम ने कहा कि भाजपा सरकार ने ही बाबा साहब से जुड़े स्थानों को पंचतीर्थ में बदला, उनके संकल्प को आगे बढ़ाया। संगठन मंत्री सिद्धार्थन ने बाबा साहेब भीम राव को पुष्पांजलि अर्पित किया और कहा कि अगर बाबा साहेब को सपनों को कोई साकार कर सकता है तो वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हैं। इसलिए भाजपा के कार्यकर्ताओं को भी अपने स्तर पर यह सुनिश्चित करना होगा वो ज्यादा से ज्यादा लोगों से जुड़ने का कार्य करें। अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष मोहनलाल गिहारा ने कहा कि भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर ने विषम परिस्थतियों में भी सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़ने के लिए अपना सर्वस्व जीवन न्यौछावर कर समाज के हित की लड़ाई लड़ी।