रायपुर : छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित गरियाबंद जिले में नक्सलियों ने पुलिस दल पर हमला कर दिया जिसमें मोटरसाइकिल सवार दो पुलिस जवान शहीद हो गए। रायपुर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक प्रदीप गुप्ता ने आज यहां ‘भाषा’ को बताया कि जिले के मैनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ओढ़ गांव के जंगल में नक्सलियों ने गस्त पर निकले जिला बल के जवानों पर हमला कर दिया। इस हमले में दो जवान लेखराम और भोज सिंह शहीद हो गए। गुप्ता ने बताया कि मैनपुर थाना क्षेत्र के आमामोरा गांव में गुरूवार को जन समस्या निवारण शिविर लगाया जाना था।
शिविर से पहले आज सड़क की सुरक्षा के लिए सुरक्षा बल के जवानों को गस्त में रवाना किया गया था। दल के जवान मोटरसाइकिल पर सवार थे। सुरक्षा बल के जवान जब कच्ची सड़क पर थे तब नक्सलियों ने बारूदी सुरंग में विस्फोट कर दिया। इस घटना में एक जवान की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई तथा दूसरा अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि बारूदी सुरंग में विस्फोट होने के बाद नक्सलियों ने पुलिस दल पर गोलीबारी भी की। जिसका सुरक्षा बल ने जवाब दिया। वहीं घायल जवान को वहां से बाहर निकालने की कोशिश की गई, लेकिन इससे पहले उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस महानिरीक्षक ने बताया कि नक्सलियों की गोलीबारी के बाद पुलिस दल ने जवाबी कार्रवाई तेज की तब नक्सली वहां से भाग गए। जिनका बल के जवानों ने कुछ दूर तक पीछा भी किया। हालांकि नक्सली घने जंगल का फायदा उठाकर वहां से भागने में कामयाब रहे। गुप्ता ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र के लिए अतिरिक्त पुलिस दल रवाना किया गया तथा शहीद जवानों के शवों को जंगल से बाहर निकाला गया। वहीं घटना के बाद क्षेत्र में खोजी अभियान तेज कर दिया गया है। छत्तीसगढ़ का गरियाबंद जिला पड़ोसी राज्य उड़ीसा का सीमावर्ती जिला है। क्षेत्र में नक्सली गतिविधि की जानकारी पुलिस को तो मिलती रही है। हालांकि क्षेत्र में नक्सलियों ने लंबे समय बाद किसी घटना को अंजाम दिया है।
अधिक जानकारियों के लिए यहाँ क्लिक करें।