15 फरवरी तक बहुत ही सर्दी होने के कारण छुट्टियां हैं। बहुत से सदस्यों के मैसेज आ रहे हैं कि दिल नहीं लग रहा, जल्दी ब्रांच खोलें परन्तु क्या करें मुझे आप सबकी सेहत की चिंता है। हां यह जरूर कहूंगी कि दिल लगाना जरूरी है। अब वरिष्ठ नागरिक केसरी क्लब के सदस्यों के आपस में बहुत से वट्सऐप ग्रुप बन चुके हैं। आपस में मैसेज कीजिये, अपने विचारों का आदान-प्रदान करें। हां यही नहीं अपने शरीर को एक्टिव रखें यानी सैर और एक्सरसाइज जरूर करें। हल्का – फुल्का खाना खायें, टीवी में अच्छे-अच्छे प्रोग्राम देखें। मुझे मालूम है कि वरिष्ठ नागरिक केसरी क्लब में आकर आपका दिल लगता है।
आज मुझे अमेरिका से हमारी सदस्य प्रेम सूद जी का फोन आया। क्योंकि उनके बच्चे उन्हें यहां अकेला नहीं छोडऩा चाहते थे, इसलिए उनका बेटा-बेटी जो अमेरिका रहते हैं उन्हें साथ लेकर गए, परन्तु एक भी दिन ऐसा नहीं होगा जब वो वरिष्ठ नागरिक केसरी क्लब के सभी सदस्यों और मुझे याद न करती हों। इतना प्यार देती हैं कि मां जैसी लगती हैं। अगर कुछ दिन बीत जाएं तो वो कहती हैं मैं तुम्हें अपने सपनों में देखती हूं। अब वो 80+ हैं। उनका बड़ी खुशी-खुशी से फोन आया कि मैंने अपने बच्चों को मना लिया है और मैं अपने इंडिया वापिस आ रही हूं। कुछ महीने रहूंगी। बेटी छोडऩे आ रही है, बेटा लेने आएगा। आते ही घर में पूजा करूंगी और आपने जरूर आना है। साथ में अपने कई साथियों का नाम लेकर कह रही थी कि आप प्लीज सबको सूचित कर देना। उनकी खुशी सम्भाली नहीं जा रही थी।
यही नहीं हर सुबह हमारी नोएडा ब्रांच की शारदा सुशील जी का गुड मोर्निंग और ब्लेसिंग्स का मैसेज आता है। वो भी 80+ हैं, परन्तु उनकी बेटी जो उनका बहुत ख्याल रखती है, उन्हें ब्रांच और फंक्शन में लेकर आती हैं और हमारी पंजाबी बाग की एक और सदस्य जो 80+हैं, जिनकी दो बेटियां हैं एक अमेरिका और एक लंदन में, वो भी उन्हें साथ लेकर गईं। बहुत ख्याल रखती हैं, परन्तु उनका भी बाहर दिल नहीं लगा वो भी वापिस आकर गुडग़ांव के पास कोई स्थान है वहां रह रही हैं। उनकी बेटियां भी मेरे सम्पर्क में रहती हैं। हमेशा मुझे धन्यवाद करती हैं कि वरिष्ठ नागरिक केसरी क्लब के कारण हमारी मां में नई चुस्ती-स्फूर्ति है, जीने की चाह है। मां अक्सर वीडियो बनाती रहती हैं (जो हमने वरिष्ठ नागरिक के प्लेटफार्म पर सिखाई हैं)।
यह तो मैं कुछ गिने-चुने लोगों की खुशियां बता रही हूं, परन्तु ऐसे बहुत से सदस्य हैं। यही नहीं हमारी पश्चिम विहार की शाखा अध्यक्ष पंजाबी बाग, ग्रीन पार्क, नोएडा, जी.के.-ढ्ढढ्ढ, गुडग़ांव के शाखा अध्यक्ष सभी पहले दिन से जुड़े हैं। फरीदाबाद के शाखा अध्यक्ष कथूरिया जी जटवानी जी ने अपने को मार्गदर्शक बनाकर पुण्यानी जी और खुराना को आगे कर दिया। ऐसे ही मॉडल टाऊन की अध्यक्ष मंजू जी ने बीनू चौहान को आगे कर दिया है। गुजरांवाला टाऊन की शाखा को स्वर्गीय भोला नाथ विज जी की बहू और गीता नैय्यर चला रही हैं। हैदराबाद की शाखा में हर्ष जी ने मीना मूथा जी को आगे कर दिया है। कई शाखाएं पाइप लाइन में हैं।
कुल मिलाकर पिछले 22 सालों से हम परिवार की तरह आगे बढ़ रहे हैं। बहुत से लोगों में खुशियां बांट रहे हैं। समाज में सकारात्मक सोच फैला रहे हैं। जो सदस्य चले जाते हैं वो अपनी अमिट छाप छोड़ जाते हैं। जैसे महाशय जी, राजमाता, शांति वोहरा ऐसे बहुत से सदस्य जो नहीं रहे, परन्तु उनका चेहरा हमेशा आंखों के सामने रहता है। इसलिए सभी सदस्यों को कहूंगी कि एक्टिव रहो, दिल लगाओ, व्यस्त-मस्त और स्वस्थ रहो।






















