बीती कुछ वर्षों में भारतीय समाज में कुछ ऐसे आपराधिक मामले सामने आए हैं, जिन्होंने न केवल कानून व्यवस्था को चुनौती दी है, बल्कि मानवीय संवेदनाओं को भी गहराई से झकझोर कर रख दिया है। इन घटनाओं की सबसे दुखद और चिंताजनक बात यह है कि अपराध को अंजाम देने वाले कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि वे लोग थे जिन पर पीड़ितों ने अटूट विश्वास किया था, चाहे पति हो, पत्नी हो या फिर मंगेतर, इन रिश्तों की पवित्रता को दरकिनार कर हत्या जैसे गंभीर अपराध किए गए हैं। पुणे का केतन अग्रवाल हत्याकांड हालिया समय की एक ऐसी घटना है, जिसने लोगों को हिलाकर रख दिया है।
26 वर्षीय व्यवसायी केतन अग्रवाल की मृत्यु को शुरुआत में एक ट्रेकिंग दुर्घटना समझा गया था, लेकिन पुलिस की सघन जांच में एक भयावह साजिश का खुलासा हुआ। एक युवा जिसने शादी कर नए जीवन के सपने देखे थे, आज सिर्फ एक याद बनकर रह गया। केतन अग्रवाल केस ने भरोसे, रिश्तों और प्यार को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। केतन हत्या केस जैसी दिल दहला देने वाली घटनाओं के बाद समाज में रिश्तों और भरोसे को लेकर गंभीर सवाल खड़े होना स्वाभाविक है।
केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी पर सोची-समझी साजिश के तहत केतन को लोहागढ़ किले से धक्का देकर मारने का आरोप है। एक साल पहले मेघालय में इंदौर की सोनम रघुवंशी ने हनीमून के दौरान अपने पति राजा रघुवंशी पहाड़ी से धक्का देकर मौत की नींद सुला दिया था। साजिश में उसका प्रेमी राज सिंह भी शामिल था। हत्या की दोनों ही घटनाओं में प्रेम का दूसरा कोण मौजूद रहा। पहली घटना में खलनायक प्रेमी राज सिंह तो दूसरी घटना में चेतन चौधरी। दोनों ही घटनाओं में पति व मंगेतर को कांटा मानकर जीवन से हटाना और प्रेमी के दिखाए सब्जबाग संग जीने की उत्कट चाह थी, लेकिन ये कोई सामान्य दुर्घटनाएं नहीं हैं, एक सुनियोजित साजिश हैं, भरोसे के रिश्तों के कत्ल की।
भारतीय समाज में ये घटनाएं अस्वाभाविक हैं और परिवार संस्था में भरोसा रखने वाले हर व्यक्ति को उद्वेलित करती हैं। यह समाज विज्ञानियों के लिए मंथन का विषय है कि कोई स्त्री कैसे अपने पति या होने वाली पति की हत्या करने की सोच बना लेती है? सोच बनाती ही नहीं है बल्कि उसे सुनियोजित षड्यंत्र रचकर अंजाम भी देती है, यहां प्रश्न उठता है कि यदि सोनम व सिया परिवार द्वारा तय किए गए रिश्ते में नहीं बंधना चाहती तो न कहने का साहस तो कर ही सकती थी? निश्चय ही हत्या करने से न कहना ज्यादा आसान है। धनाढ्य परिवार के केतन की तो अभी सगाई ही हुई थी, जिसे टाला भी जा सकता था। सिया के न चाहने पर परिवार के लोग केतन को खोने के बजाय रिश्ते को मन मारकर तोड़ देते। केतन मर्डर केस हो, राजा रघुवंशी हत्याकांड, सौरभ राजपूत का मामला या फिर महालक्ष्मी मर्डर केस- इन सभी में एक ही सवाल खड़ा होता है कि आखिर पार्टनर की जान लेने की नौबत क्यों आ रही है? मनोवैज्ञानिकों के अनुसार, इसके पीछे कई अहम कारण हो सकते हैं, जिनमें से एक बड़ा कारण ‘सोशल स्टेटस’ यानी सामाजिक रुतबा है। कई बार दो परिवारों के बीच सामाजिक हैसियत का बड़ा अंतर होता है। ऐसे में, अगर कोई महिला ऐसे रिश्ते में है जिसे उसका परिवार पसंद नहीं करता, तो सामाजिक भिन्नता के कारण परिवार वाले उस रिश्ते को कभी स्वीकार नहीं कर पाते।
नतीजतन, महिला पर परिवार का जबरदस्त मानसिक दबाव पड़ता है। यह समाज में लंबे समय से होता आ रहा है और आज भी कई महिलाएं इस तरह के भारी दबाव के बीच जी रही हैं। जब परिवार वाले किसी रिश्ते के सख्त खिलाफ होते हैं, तो व्यक्ति को अपने लिए और अपने पार्टनर के लिए एक मजबूत स्टैंड लेना पड़ता है, लेकिन सच्चाई यह है कि हर कोई ऐसा करने में सक्षम नहीं होता। परिवार के सामने अपनी बात न रख पाना एक बहुत बड़ा कारण बन जाता है जो हालात को बद से बदतर कर देता है।
जब लोग स्टैंड नहीं ले पाते, तो वे अंदर ही अंदर बुरी तरह आहत होते रहते हैं और घुटने लगते हैं। इस घुटन की वजह से उनके भीतर भयंकर गुस्सा पनपता है, चिड़चिड़ापन बढ़ जाता है और उनके मूड में काफी उतार-चढ़ाव आने लगते हैं। जब वे इन हालातों से तालमेल नहीं बिठा पाते या उन्हें स्वीकार नहीं कर पाते, तो ये नकारात्मक भावनाएं उन पर इस कदर हावी हो जाती हैं कि वे मर्डर जैसा खौफनाक कदम उठाने के लिए मजबूर महसूस करने लगते हैं।
हमारे समाज में वैवाहिक रिश्तों में पैदा होने वाली हिंसा, टकराव, अलगाव और कोर्ट-कचहरी का ट्रेंड गंभीर स्थिति की ओर इशारा करता है। सवाल यह है कि नौ महीने कोख में रखने वाली मां और खून-पसीने से लालन-पालन करने वाले पिता के सोचे-विचारे फैसलों को नई पीढ़ी द्वारा क्यों खारिज किया जा रहा है? क्या समाज में दूषित खानपान, विषाक्त सोच का बाजार, रिश्तों में बढ़ता अविश्वास और एकाकी परिवारों का त्रास युवा पीढ़ी को आक्रामक बना रहा है? मोबाइल संस्कृति की घातकता व तेजी से फैलता नकारात्मक कंटेंट संबंधों में विकृतियां ला रहा है। मोबाइल फोन जो कभी रिश्तों को जोड़ता था, अपराध का साधन बन रहा है। सोनम व राज सिंह की साजिश हो या सिया व चेतन का षड्यंत्र, उसमें मोबाइल भी सहभागी बना है।
केतन की हत्या केवल एक व्यक्ति की नहीं बल्कि विश्वास, रिश्तों और इंसानियत की भी हत्या है! सच्चाई क्या है, यह जांच और अदालत तय करेगी, लेकिन इस घटना ने समाज को सोचने पर मजबूर कर दिया है कि रिश्तों में पारदर्शिता और ईमानदारी कितनी जरूरी है?
ऐसी त्रासदियों के बीच रिश्तों में दोबारा विश्वास कायम करने और खुद को सुरक्षित रखने के लिए समाज और परिवारों को इन महत्वपूर्ण पहलुओं पर ध्यान देना होगा, यदि कोई व्यक्ति किसी रिश्ते या शादी से खुश नहीं है, तो उसे समाज या परिवार के डर से घुटने के बजाय खुलकर अपनी बात रखनी चाहिए। शादी तोड़ने का रास्ता चुनना किसी की जान लेने या किसी की जिंदगी बर्बाद करने से हमेशा बेहतर और आसान विकल्प है। वहीं नए रिश्तों में कदम रखने से पहले पार्टनर को अपने अतीत और वर्तमान की प्राथमिकताओं के बारे में पूरी तरह ईमानदार होना चाहिए।
यह सच है कि इस तरह की घटनाएं समाज को डराती हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि दुनिया से अच्छाई खत्म हो गई है। ऐसी दुखद और नेगेटिव घटनाएं इक्का-दुक्का ही होती हैं लेकिन ये अप्रत्याशित व असामान्य घटनाएं आम आदमी की सोच खासकर युवाओं को अंदर तक असर डालती हैं, जो समाज में सहज-सरल रिश्तों के प्रति अविश्वास पैदा करती हैं। ऐसी सोच का नेगेटिव नतीजा भारतीय आदर्श स्त्री की प्रतिष्ठा पर भी आंच ला सकता है। यही कारण है कि नई पीढ़ी के कई युवा विवाह संस्था में प्रवेश से कतराने लगे हैं।
जरूरत इस बात की है कि, रिश्तों में अंधा भरोसा करने की जगह सजगता, आपसी सम्मान, और खुलकर बात करने की आदत ही आज के समय में हमारे भरोसे को सुरक्षित रख सकती है। ऐसे मामलों में पीड़ित पक्ष को न्याय मिलने में देरी नहीं होनी चाहिए। जब अपराधियों को उनके किए की सख्त से सख्त सजा मिलेगी, तभी समाज में एक डर पैदा होगा और लोगों का न्याय प्रणाली पर भरोसा बढ़ेगा।
सिर्फ रिश्ते का ही नहीं, भरोसे का भी कत्ल
Summary :
बीती कुछ वर्षों में भारतीय समाज में कुछ ऐसे आपराधिक मामले सामने आए हैं, जिन्होंने न केवल कानून व्यवस्था को चुनौती दी है, बल्कि मानवीय संवेदनाओं को भी गहराई से झकझोर कर रख दिया है। इन घटनाओं की सबसे दुखद और चिंताजनक बात यह है कि अपराध को अंजाम देने वाले कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि वे लोग थे जिन पर पीड़ितों ने अटूट विश्वास किया था, चाहे पति हो, पत्नी हो या फिर मंगेतर, इन रिश्तों की पवित्रता को दरकिनार कर हत्या जैसे गंभीर अपराध किए गए हैं। पुणे का केतन अग्रवाल हत्याकांड हालिया समय की एक ऐसी घटना…


Download Android App
Download iOS App



