Amazon Prime Video Popular Seriesओटीटी की दुनिया में हर दिन कई नई वेब सीरीज दस्तक देती हैं, लेकिन कुछ कहानियां ऐसी होती हैं जो एंटरटेंमेंट के साथ-साथ दर्शकों को इमोशनल तौर पर भी जोड़ लेती हैं। ऐसी ही एक सीरीज है ‘जमनापार’, जिसकी कहानी आम जिंदगी, बड़े सपनों, परिवार और अपनी जड़ों से जुड़े रहने के स्ट्रगल को बेहद दिलचस्प अंदाज में पेश करती है।
2024 में रिलीज हुई यह सीरीज अब तक दो सीजन और कुल 20 एपिसोड के साथ दर्शकों के बीच अपनी खास पहचान बना चुकी है। वहीं खास बात यह है कि इसकी कहानी पूर्वी दिल्ली के बैकग्राउंड पर रखी गई है, जिससे इसमें दिखाई गई जिंदगी और किरदार काफी हद तक आम दर्शकों से जुड़ते नजर आते हैं।
Amazon Prime Video Popular Series: क्या है ‘जमनापार’ की कहानी?

सीरीज का मेन किरदार शैंकी है, जो चार्टर्ड अकाउंटेंट यानी CA बनने का सपना देखता है। उसके पिता, जिनका किरदार वरुण बड़ोला ने निभाया है, लक्ष्मी नगर में CA की कोचिंग देते हैं और चाहते हैं कि उनका बेटा भी जल्द से जल्द CA बन जाए। हालांकि, शैंकी बार-बार पेपर में फेल होता है। इसकी वजह से उस पर परिवार के साथ-साथ समाज का भी दबाव बढ़ता जाता है।
इसी बीच उसे अपने खर्चे चलाने के लिए एक छोटी फर्म में नौकरी मिल जाती है। नौकरी के दौरान जब शैंकी की मुलाकात गुड़गांव के एक बड़े कॉर्पोरेट क्लाइंट से होती है, तो उसे अपनी पूर्वी दिल्ली की पहचान को लेकर झिझक महसूस होने लगती है। वह अपनी सिंपल जिंदगी से निकलकर मॉडर्न और आलीशान कॉर्पोरेट दुनिया का हिस्सा बनने का सपना देखने लगता है।
नई दुनिया के पीछे भागते हुए भूलता है अपनी जड़ें

शैंकी की जिंदगी में नए दोस्त और नई एम्बीशन्स आती हैं। बेहतर लाइफस्टाइल और पैसे की चाहत में वह धीरे-धीरे अपने परिवार और अपनी ‘जमनापार’ पहचान से दूरी बनाने लगता है। लेकिन जिस चमकदार दुनिया को वह अपनी सक्सेस का रास्ता समझ रहा होता है, वही उसके लिए मुसीबत खड़ी कर देती है। कॉर्पोरेट क्लाइंट उसका फायदा उठाते हैं और उसे एक झूठे मामले में फंसा देते हैं। मुश्किल वक्त में उसका परिवार एक बार फिर उसके साथ खड़ा होता है। इसी दौरान शैंकी को अपनी गलतियों और परिवार की अहमियत का एहसास होने लगता है।
दूसरे सीजन में और मुश्किल हो जाती है शैंकी की जिंदगी

सीरीज का दूसरा सीजन शैंकी की जिंदगी में एक नया मोड़ लेकर आता है। CA बनने के बाद एक घोटाले में फंसने की वजह से वह अपना CA लाइसेंस गंवा देता है। अब उसके सामने लाइसेंस वापस हासिल करने और जिंदगी को दोबारा पटरी पर लाने की चुनौती होती है। एक तरफ उसकी पुरानी दुनिया और पूर्वी दिल्ली की जड़ें हैं, तो दूसरी तरफ ऐसी दुनिया है जहां पैसा और शॉर्टकट सफलता का रास्ता माने जाते हैं।
इसी दौरान शैंकी की मुलाकात पूर्वी दिल्ली के कबाड़ किंग कहे जाने वाले शौकीन भैया से होती है, जिसका किरदार विजय राज ने निभाया है। शौकीन भैया उसे पैसे और ग्लैमर से भरी दुनिया की ओर ले जाता है। लेकिन जल्द ही शैंकी को बड़ा झटका लगता है और उसे शौकीन भैया से धोखा मिलता है। दूसरी ओर, उसके पारिवारिक जीवन में भी परेशानियां बढ़ने लगती हैं, जिससे उसकी मुश्किलें और गहरी हो जाती हैं।
IMDb पर शानदार रेटिंग

‘जमनापार’ को IMDb पर 7.9 की अच्छी रेटिंग मिली है। सीरीज की कहानी, किरदार और पूर्वी दिल्ली की असल झलक दर्शकों को काफी पसंद आई है। दो सीजन और 20 एपिसोड वाली यह सीरीज उन दर्शकों के लिए खास हो सकती है, जिन्हें पारिवारिक रिश्तों, स्ट्रगल, एम्बीशन्स और छोटे शहर या सिंपल बैकग्राउंड से बड़े सपने देखने वाली कहानियां पसंद हैं। आप ‘जमनापार’ को Amazon Prime Video और MX Player पर देख सकते हैं।
Read More: Harry Porter Web Series: ट्रेलर देख फैंस के उड़े होश, जानें सीरिज़ को किस तरह के मिले रिएक्शन्स?


Download Android App
Download iOS App




