रक्षाबंधन, हरियाली तीज और सावन सोमवार से लेकर नाग पंचमी तक! यहां देखें अगस्त महीने में आने वाले हिन्दू त्योहारों की पूरी लिस्ट

Summary :

August 2026 Hindu Festival Calendar: अगस्त 2026 धार्मिक दृष्टि से बेहद खास रहेगा। इस महीने सावन सोमवार, मंगला गौरी व्रत, हरियाली तीज, नाग पंचमी, रक्षाबंधन और श्रावण पूर्णिमा जैसे प्रमुख पर्व मनाए जाएंगे। साथ ही 12 अगस्त को पूर्ण सूर्य ग्रहण और 28 अगस्त को आंशिक चंद्र ग्रहण भी लगेगा, जिससे यह महीना और अधिक महत्वपूर्ण बन जाता है।

August 2026 Hindu Festival Calendar: अगस्त 2026 धार्मिक दृष्टि से बेहद खास और महत्वपूर्ण रहने वाला है। इस महीने सावन का पावन समय रहेगा और भगवान शिव की आराधना पूरे उत्साह के साथ की जाएगी। इसके अलावा हरियाली तीज, नाग पंचमी, रक्षाबंधन, श्रावण पूर्णिमा जैसे कई बड़े पर्व भी इसी महीने को खास बनाएंगे।

सबसे बड़ी  खास बात यह है कि अगस्त में साल 2026 का आखिरी  सूर्य ग्रहण और चंद्र ग्रहण भी देखने को मिलेगा। ऐसे में यह महीना पूजा-पाठ, व्रत और धार्मिक अनुष्ठानों के लिए बेहद महत्वपूर्ण  रहने वाला है। आइए जानते हैं अगस्त 2026 के सभी प्रमुख व्रत और त्योहारों की पूरी जानकारी।

सावन सोमवार 2026

सावन का महीना भगवान शिव की पूजा के लिए सबसे शुभ माना जाता है। इस दौरान आने वाले हर सोमवार को सावन सोमवार कहा जाता है। श्रद्धालु इस दिन व्रत रखते हैं और शिवलिंग पर जल, दूध और बेलपत्र अर्पित करते हैं। मान्यता है कि इससे भगवान शिव खुश  होकर मनोकामनाएं पूरी करते हैं। साल 2026 में कुल चार सावन के सोमवार पड़ रहे हैं।

मंगला गौरी व्रत 2026

सावन के हर मंगलवार को मंगला गौरी व्रत रखा जाता है। यह व्रत माता पार्वती को समर्पित होता है।शादीशुदा  महिलाएं पति की लंबी उम्र  और सुखी दांपत्य जीवन के लिए यह व्रत करती हैं, जबकि अविवाहित कन्याएं अच्छे जीवनसाथी की कामना से पूजा करती हैं।

सावन शिवरात्रि 2026

इस वर्ष सावन शिवरात्रि 11 अगस्त 2026 को मनाई जाएगी। इस दिन भगवान शिव का विशेष अभिषेक किया जाता है और भक्त व्रत रखकर शिव मंदिरों में पूजा-अर्चना करते हैं। सावन शिवरात्रि का दिन शिव कृपा पाने के लिए बेहद शुभ माना जाता है। इसी दिन कांवड़ यात्रा का भी समापन होता है।

हरियाली तीज 2026

हरियाली तीज का त्योहार  15 अगस्त 2026 को मनाया जाएगा। यह त्योहार भगवान शिव और माता पार्वती को समर्पित है। सुहागिन महिलाएं अखंड सौभाग्य और परिवार की खुशहाली के लिए यह व्रत रखती हैं। वहीं अविवाहित लड़कियां मनचाहा वर  पाने की कामना से पूजा करती हैं।

नाग पंचमी 2026

नाग पंचमी इस बार 17 अगस्त 2026 को पड़ेगी। इस दिन नाग देवता और भगवान शिव की पूजा की जाती है। धार्मिक मान्यता के अनुसार,  नाग पंचमी पर पूजा करने से परिवार पर आने वाले संकट दूर होते हैं और सुख-समृद्धि का आशीर्वाद मिलता है।

अगस्त 2026 की एकादशी

अगस्त महीने में दो प्रमुख एकादशी व्रत पड़ेंगे। पहली कामिका एकादशी 9 अगस्त को और दूसरी श्रावण पुत्रदा एकादशी 23 अगस्त को मनाई जाएगी। इन दोनों एकादशी पर भगवान विष्णु की पूजा और व्रत रखने का खास और विशेष महत्व  है। श्रद्धालु इस दिन विधि-विधान से पूजा कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हैं।

ग्रहण भी बनाएंगे अगस्त को खास

अगस्त 2026 में  दो बड़े खगोलीय घटनाक्रम भी देखे जाएंगे।  12 अगस्त को पूर्ण सूर्य ग्रहण लगेगा, जबकि 28 अगस्त को आंशिक चंद्र ग्रहण पड़ेगा। ग्रहण के समय धार्मिक नियमों का पालन करने और ग्रहण खत्म  होने के बाद स्नान एवं दान करने की परंपरा मानी जाती है। इसलिए यह महीना व्रत, पूजा और धार्मिक आयोजनों के लिहाज से पूरे साल के सबसे महत्वपूर्ण महीनों में शामिल रहेगा।

अगस्त 2026 के प्रमुख व्रत और त्योहार

तारीख दिन व्रत / त्योहार / विशेष अवसर
1 अगस्त 2026 शनिवार जयापार्वती व्रत समाप्त
2 अगस्त 2026 रविवार मित्रता दिवस, गजानन संकष्टी
3 अगस्त 2026 सोमवार पहला सावन सोमवार व्रत, आदि पेरुक्कू
4 अगस्त 2026 मंगलवार पहला मंगला गौरी व्रत
5 अगस्त 2026 बुधवार कालाष्टमी, मासिक कृष्ण जन्माष्टमी
7 अगस्त 2026 शुक्रवार मासिक कार्तिगाई
8 अगस्त 2026 शनिवार रोहिणी व्रत
9 अगस्त 2026 रविवार कामिका एकादशी, कृष्ण वासुदेव द्वादशी
10 अगस्त 2026 सोमवार दूसरा सावन सोमवार, सोम प्रदोष व्रत
11 अगस्त 2026 मंगलवार सावन शिवरात्रि, दूसरा मंगला गौरी व्रत, मासिक शिवरात्रि
12 अगस्त 2026 बुधवार हरियाली अमावस्या, श्रावण अमावस्या, दर्श अमावस्या, पूर्ण सूर्य ग्रहण
14 अगस्त 2026 शुक्रवार अंडाल जयंती, चंद्र दर्शन
15 अगस्त 2026 शनिवार हरियाली तीज, स्वतंत्रता दिवस
16 अगस्त 2026 रविवार दूर्वा गणपति चतुर्थी
17 अगस्त 2026 सोमवार नाग पंचमी, तीसरा सावन सोमवार, सिंह संक्रांति, स्कंद षष्ठी
18 अगस्त 2026 मंगलवार कल्कि जयंती, तीसरा मंगला गौरी व्रत
19 अगस्त 2026 बुधवार तुलसीदास जयंती
20 अगस्त 2026 गुरुवार मासिक दुर्गाष्टमी
23 अगस्त 2026 रविवार श्रावण पुत्रदा एकादशी
24 अगस्त 2026 सोमवार दामोदर द्वादशी, चौथा सावन सोमवार
25 अगस्त 2026 मंगलवार चौथा मंगला गौरी व्रत, भौम प्रदोष व्रत
26 अगस्त 2026 बुधवार ऋग्वेद उपाकर्म, ओणम
27 अगस्त 2026 गुरुवार यजुर्वेद उपाकर्म, हयग्रीव जयंती, श्रावण पूर्णिमा व्रत
28 अगस्त 2026 शुक्रवार रक्षाबंधन, वरलक्ष्मी व्रत, गायत्री जयंती, श्रावण पूर्णिमा, आंशिक चंद्र ग्रहण
29 अगस्त 2026 शनिवार भाद्रपद माह की शुरुआत
31 अगस्त 2026 सोमवार कजरी तीज, बहुला चतुर्थी, हेरम्ब संकष्टी

यह भी पढ़ें: Shivling Jal Arpan Timing: सावन के पहले दिन करें सही मुहूर्त में जलाभिषेक, जानें जल चढ़ाने की सही विधि और नियम

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।