आज यानी 11 नवंबर को देशभर में भाई दूज का त्योहार मनाया जा रहा है। यह पर्व भाई-बहन के पवित्र प्रेम और स्नेह का प्रतीक है। इस दिन आम तौर पर बहनें भाइयों को तिलक लगाती हैं, उनकी लंबी उम्र की कामना करती हैं और मुंह मीठा कराती हैं। लेकिन, क्या आप जानते हैं कि भारत के अलग-अलग हिस्सों में इस त्योहार को मनाने के तरीके बेहद ही अनोखे और अलग हैं। आइए जानते हैं, 4 राज्यों की अनोखी परंपरा।
भाई दूज की अनोखी परंपराएं
1. बहनें देती हैं गालियां (बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश)
बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में भाई दूज का त्योहार अनोखे तरीके से मनाया जाता है। यहां परंपरा है कि इस दिन भाई को यमराज के कष्टों से मुक्त कराने के लिए बहनें अपने भाइयों को जमकर कोसा यानी गालियां देती हैं। इसके बाद अपनी जीभ में कोई कांटा चुभोकर इस गलती के लिए माफी मांगती हैं। माना जाता है कि ऐसा करने से भाइयों पर आने वाले सारे संकट टल जाते हैं और उनकी बलाएं दूर हो जाती हैं।
2. शक्कर की माला पहनाने की परंपरा (मध्य प्रदेश)
आमतौर पर आपने सुना होगा कि भाई दूज पर बहनें अपने भाई का तिलक करके उसे गोला देती हैं और मिठाई खिलाती हैं। लेकिन मध्य प्रदेश में इस दिन भाई अपनी बहन के घर जाकर उनके हाथों से खाना खाते हैं। कई जगह गले में शक्कर या बताशे की माला पहनाने का रिवाज है। इसके पीछे यह मान्यता है कि इससे भाई-बहन के रिश्ते में हमेशा मिठास बनी रहती है और जीवन में कभी कड़वाहट नहीं आती।

3. ‘भाऊ बीज’ परंपरा (महाराष्ट्र)
महाराष्ट्र में भाई को भाउ कहा जाता है, इसलिए वहां भाई दूज को भाऊ बीज का नाम दिया गया है। इस दिन जमीन पर रंगोली बनाकर उस पर चौकी (पाट) रखी जाती है, जिस पर भाई को बैठाया जाता है। तिलक करने से पहले भाई को ‘करीथ’ नाम का एक कड़वा फल खिलाया जाता है। माना जाता है कि भगवान श्रीकृष्ण ने नरकासुर का वध करने के बाद यही कड़वा फल खाया था।
4. भाई फोटा (पश्चिम बंगाल)
पश्चिम बंगाल में इस त्योहार को ‘भाई फोटा’ कहा जाता है। इस दिन बहनें सुबह से व्रत रखती हैं और भाइयों के माथे पर चंदन, काजल और दही का तिलक लगाती हैं, जिसे ‘फोटा’ देना कहते हैं। इसके बाद भाई के दाहिने हाथ की उंगली पर धान और दुर्वा घास रखकर मंत्र पढ़े जाते हैं। बहनें भगवान से प्रार्थना करते हुए अपने भाई की लंबी उम्र और सुरक्षा की कामना करती हैं।
Also Read: ‘धागों से बांधा…’, भाईदूज पर गूंजेंगे भाई-बहन के प्यार भरे नगमे, प्लेलिस्ट में शामिल करें ये 5 गाने


Download Android App
Download iOS App




