नई दिल्ली : हरियाणा में आम आदमी पार्टी की टिकट के लिए लगभग 100 लोगों ने अभी तक आवेदन किए हैं। पार्टी प्रदेश अध्यक्ष नवीन जयहिंद व राज्यसभा सांसद सुशील गुप्ता ने आप की टिकट पर चुनाव लड़ने के इच्छुक नेताओं की पूरी रिपोर्ट बनाकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल को भेज दी है। सूत्रों के अनुसार हरियाणा इकाई द्वारा भेजी गई इस लिस्ट पर मुख्यमंत्री केजरीवाल व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने विचार किया।
आप की बैठक में विधानसभा चुनाव लड़ने के तरीके पर भी मंथन किया गया। साथ ही दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने जल्द ही हरियाणा के दौरे पर आने के संकेत दिए हैं। बैठक में तय हुआ कि आम आदमी पार्टी फिलहाल अकेले ही विधानसभा चुनाव लड़ेगी और जिन नेताओं ने इंटरव्यू दिए हैं, उनके बारे में पूरी जांच पड़ताल के बाद अलग-अलग चरणों में उम्मीदवारों की सूची घोषित की जाएगी।
अभी तक तीन सौ से अधिक दावेदारों ने चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है। नवीन जयहिंद ने संकेत दिए कि अगले दस दिनों में पार्टी के उम्मीदवारों की पहली सूची जारी हो सकती है। इसके बाद दूसरी, तीसरी और चौथी लिस्ट जारी होगी। पहली सूची में डेढ़ से दो दर्जन उम्मीदवारों के नाम घोषित होने की संभावना है।
हर वर्ग के लोगों ने किए आवेदन
राज्यसभा सदस्य सुशील गुप्ता के अनुसार आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार बनने के लिए पूर्व सैनिक, किसान, मजदूर, वकील, मास्टर, पत्रकार, व्यापारी व आम कार्यकर्ताओं ने आवेदन किए हैं। नवीन जयहिंद ने बताया कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बैठक में स्वयं सभी आवेदकों के फार्म देखे और संतोष जाहिर करते हुए पूरी हरियाणा टीम को चुनाव में मुस्तैदी से जुटने के निर्देश दिए हैं।


Download Android App
Download iOS App



