नरवाना : हिसार-चंडीगढ़ नैशनल हाइवे पर सच्चाखेड़ा गांव के नजदीक शुक्रवार अलसुबह एक कार का अचानक संतुलन बिगड़ गया और कार सड़क के बीच में स्थित डिवाइडर से टकरा कर दूसरी ओर से आ रहे एक ट्रक से जा टकराई। इस दुर्घटना में कार के परखच्चे उड़ गए और कार में सवार 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
दुर्घटना में घायल व्यक्ति को तुरंत हिसार के निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया। घटना की सूचना सदर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर सदर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। जानकारी के अनुसार एक आई.20 कार में हिमाचल प्रदेश के बद्दी से एक 11 वर्षीय बच्चे सहित 4 व्यक्ति राजस्थान में गुगामेडी मंदिर में पूजा अर्चना करने के लिए जा रहे थे।
शुक्रवार अलसुबह करीब पौने 4 बजे कार चालक का अचानक संतुलन बिगड़ गया और कार हाइवे पर बने डिवाइडर से टकराती हुई पलट गई और दूसरी ओर से आ रहे ट्रक के साथ टकरा गई। दुर्घटना इतनी भयंकर थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और शोर सुनकर ग्रामीण दौड़ कर मौके पर पहुंचे और कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला लेकिन कार में सवार 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
एक घायल को तुरंत हिसार भेजा गया। मृतकों की पहचान हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन के गांव सुराजमाजरा निवासी 25 वर्षीय कमल पुत्र बीरचंद, 11 वर्षीय मोहित पुत्र संजू तथा 25 वर्षीय चंद्रशेखर के रूप में हुई। दुर्घटना में एक युवक अश्वनी घायल हुआ है जिसका हिसार के निजी अस्पताल में ईलाज चल रहा है।


Download Android App
Download iOS App



