हरियाणा को मिली सुरक्षा बलों की 30 अतिरिक्त कंपनियां

Summary :

शांतिपूर्ण चुनाव करवाने के लिए हरियाणा को राजस्थान और पंजाब से सुरक्षा बलों की 10-10 कंपनियों सहित कुल 30 अतिरिक्त कंपनियां मिली हैं।

चंडीगढ़ : लोकसभा चुनावों के दौरान सुरक्षित और शांतिपूर्ण चुनाव करवाने के लिए हरियाणा को राजस्थान और पंजाब से सुरक्षा बलों की 10-10 कंपनियों सहित कुल 30 अतिरिक्त कंपनियां मिली हैं। इसके साथ ही हरियाणा में अर्धसैनिक व अन्य सुरक्षा बलों सहित कुल 95 कंपनियां उपलब्ध हो गई है। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) श्री नवदीप सिंह विर्क ने बताया कि पुलिस ने चुनाव के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) की ज्यादा कंपनियों की मांग की थी।

हमारे अनुरोध को ध्यान में रखते हुए गृह मंत्रालय ने सीएपीएफ की 10 अतिरिक्त कंपनियां आवंटित की हैं, जबकि राजस्थान और पंजाब पुलिस द्वारा भी सुरक्षा बलों की 10-10 कंपनियां मिली हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों की 95 कंपनियों के साथ हरियाणा पुलिस राज्य में स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव करवाने के लिए पूरी तरह से तैयार है। श्री विर्क ने कहा कि डीजीपी श्री मनोज यादव व अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा 4 और 5 मई को जिलों में दौरा कर वहां की चुनाव तैयारियों की समीक्षा की जा चुकी है।

हम पड़ोसी राज्यों के साथ भी लगातार संपर्क बनाए हुए हैं और प्रदेष में अंतरराज्यीय सीमाओं को मतदान से पहले पूरी तरह से सील कर दिया जाएगा। एहतियात के तौर पर हमने पड़ोसी राज्यों से उनके क्षेत्र में ज्यादा से ज्यादा पुलिसबल की तैनाती करने के लिए भी आग्रह किया है ताकि अंतर-राज्यीय सीमाओं को पूरी तरह सील किया जा सके। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के लिए पुलिस प्रषासन ने पूरी तैयारी कर ली है। राज्य में संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान स्थानों पर पुलिस कड़ी निगरानी कर रही है।

खुफिया और अन्य सूचनाओं के आधार पर, सोनीपत, झज्जर, जींद, रोहतक, भिवानी, हिसार, हांसी और सिरसा में अतिरिक्त पुलिसबलों की तैनाती की जा रही है। ईवीएम की सुरक्षा का उल्लेख करते हुए श्री विर्क ने कहा कि मतदान के बाद ईवीएम की सुरक्षा के लिए सभी केंद्रों पर थ्री-टीयर सुरक्षा व्यवस्था की गई है। सभी ईवीएम को प्रदेष के 38 मतगणना केंद्रों में अर्धसैनिक बलों की 7 कंपनियां, राज्य सशस्त्र पुलिस और जिला पुलिस कर्मियों की कडी निगरानी में रखा जाएगा।

Desk Team