जींद : पूर्व मुख्यमंत्री एवं सोनीपत लोकसभा सीट से कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि इस चुनाव में कांग्रेस और भाजपा में सीधा मुकाबला है। इस लड़ाई में वोटू काटू उम्मीदवारों की असलियत को लोग अच्छी तरह से पहचान चुके हैं। लोग भाजपा को चलता करने का मन बना चुके हैं। विश्वासघाती और जनविरोधी भाजपा का विकल्प केवल और केवल कांग्रेस पार्टी है। पूर्व सीएम हुड्डा गुरुवार को अपने चुनाव प्रचार अभियान के तहत जुलाना विधानसभा क्षेत्र में रोड शो के दौरान लोगों से रूबरू हो रहे थे।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने 2014 में लोगों से जो चुनावी वादे किये थे, उनमें से कोई भी पूरा नहीं किया, बल्कि इसके विपरीत भाजपा ने जनविरोधी निर्णय लेकर जनता को खून के आंसू बहाने पर मजबूर किया। हरियाणा में तो और भी बदतर परिस्थतियों भाजपा सरकार द्वारा पैदा की गई। आज हरियाणा के लोगों के दिलों में भाजपा के प्रति इतनी नफरत पैदा हो गई है कि वे इसे सत्ता से बेदखल कर करारा सबक सीखाना चाहते हैं।
लोगों को यह भलीभांति समझ आ गई है कि भाजपा को भगाने का काम हरियाणा में केवल कांग्रेस पार्टी ही कर सकती है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि उन्होंने राजनीति में बहुत उतार चढ़ाव देखे हैं,लेकिन पहली बार मैं ही नहीं अधिकांश लोग यह देख रहे हैं कि एक बड़ी राजनैतिक पार्टी जो आज सत्तारूढ है,वह मुद्दों की बजाय काल्पनिक व भावनात्मक बातें करके लोगों को गुमराह कर रही है और अपने गुनाहों को छिपा रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



