80% जनता की सोच धारा-370 को खत्म करने की : इंद्रेश

Summary :

पुलवामा अटैक के बाद जो सर्जिकल स्ट्राइक किया गया, उसके बाद देश की 80 प्रतिशत जनता चाहती है कि देश में एक कानून-एक झंडा-एक संविधान हो।

जींद : पुलवामा अटैक के बाद जो सर्जिकल स्ट्राइक किया गया, उसके बाद देश की 80 प्रतिशत जनता चाहती है कि देश में एक कानून-एक झंडा-एक संविधान हो। जनता की इसी सोच के मुताबिक ही धारा-370, 35(ए) परिसीमन का खात्मा होना चाहिए। जनता को भारत सरकार से उम्मीद बंधी है। क्योंकि देश की मोदी सरकार ने कुछ ऐसे निर्णय लिये है, जिनसे जनता इस बात को समझ चुकी है कि आतंकवादियों और उनको सिंचने वालों के पर कतरने शुरू कर दिये गए है। जम्मू-कश्मीर में 155 से अधिक ऐसे अलगाववादी नेता है, जिनके हाथ खून से रंगे हुए थे, जुबान जहरीली थी। ऐसे नेताओं की सारी सुरक्षा-सुविधाएं छीन ली गई हैं। 
आतंकवादियों की जो फंडिंग होती थी, वे आज पूरी तरह से रूक गई है। मोदी सरकार में विश्व का नेतृत्व करने की क्षमता है। योग निरोग का रास्ता दिखाया है। दुनिया के 122 देशों ने आतंकवाद के विरोध में भारत समर्थन किया है। क्योंकि ये देश जानते है कि भारत आतंकवाद को जड़ से खत्म करने की क्षमता रखता हैं। पाकिस्तान की कुनीति को आज हर कोई समझने लगा हैं। ये वक्तव्य राष्ट्रीय चिंतक इंद्रेश कुमार ने सोमवार को सीआरएसयू में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहे। 
इस मौके पर उनके साथ सीआरएसयू वीसी डॉ. आरबी सौलंकी व अन्य लोग मौजूद थे। एक सवाल के जवाब में इंद्रेश कुमार ने कहा कि जींद की धरा से उनको जो डॉक्टर की जो उपाधि मिली है, वे इसे ताउम्र याद रखेंगे। डॉ. इंदे्रश ने कहा कि जम्मू-कश्मीर को देश की मुख्यधारा से जोडऩे के लिए वहां की जनता को भी प्रयास करने होंगे। जब तक जम्मू-कश्मीर की जनता एकजुट होकर आतंकवादियों के खिलाफ खड़ी नहीं होगी, तब तक अलगाववादी नेता अपने स्वार्थ की पूर्ति के लिए शांति भंग करने का प्रयास करते रहेंगे। जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल के सामने आये बयान जिसमें उन्होंने कहा है कि आतंकवादियों को आम व्यक्ति की बजाय भ्रष्ट नेताओं को निशाने पर लेना चाहिए को लेकर कहा कि उनका कहना का भाव कुछ ओर होगा। इसलिए राज्यपाल के शब्दों की बजाय उनके भावों पर गौर करना चाहिए। 
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरी है, इसलिए ही लोकसभा चुनाव में देश की जनता ने उनको दोबारा मौका दिया। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि किसी समय में इस पार्टी ने ऐसी गलतियां की, जिन्हें दूर करना मुश्किल हो रहा है। पाकिस्तान के पोषित आतंकवादियों द्वारा हजारों कत्लेआम किये गए। जम्मू-कश्मीर के हिस्से पर कब्जा किया गया। अगर उसी समय कड़ा स्टैंड लिया जाता तो आज तस्वीर कुछ ओर ही होती।

Desk Team