चंडीगढ़ : मोहब्बत एक एहसासों की पावन सी कहानी है, कभी कबीरा दीवाना था, कभी मीरा दीवानी है। कुमार विश्वास की इन पंक्तियों को 65 साल की विधवा अमेरिकी महिला कैरन लिलियन एबनर ने पता नहीं सुना था या नहीं, लेकिन आठ महीने पहले फेसबुक फ्रेंड बने 27 साल के प्रवीण की मोहब्बत के ऐहसास ने उन्हें वाकई दीवाना बना दिया। वह प्रवीण से विवाह रचाने अमेरिका से कैथल के गांव सैर पहुंच गईं। प्रवीण ने भी अपने से 38 वर्ष बड़ी महिला के प्रेम का समादर करते हुए बृहस्पतिवार को उससे सिख रीति रिवाज से चीका में विवाह रचा लिया। वैसे भी प्रेम उम्र कहां देखता है। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैंक्रों की पत्नी ब्रिगेट भी तो उनसे 24 वर्ष बड़ी हैं।
इस प्रेमकथा की शुरुआत नवंबर 2017 में हुई जब प्रवीण और एबनर फेसबुक पर दोस्त बने। कुछ दिन बाद ही दोस्ती प्यार में बदल गई। प्यार भी ऐसा कि दोनों तरफ से उम्र को लेकर कोई ख्याल ही नहीं आया। दोनों वीडियो कॉल के जरिये एक दूसरे से रूबरू भी हुए। एबनर पूरे परिवार और दोस्तों से शादी के लिए सहमति के पत्र भी लेकर आई हैं। फिलहाल दोनों यहां किराये पर कमरा लेकर रह रहे हैं। प्रवीण ने बताया कि 21 जून को एबनर के भाई का जन्मदिन था।
इसीलिए एबनर इस खास दिन को विवाह के लिए चुना। संयोग से विश्व योग दिवस भी था। एबनर 15 जून को भारत आई थीं और 18 जुलाई को वापस अमेरिका जाएंगी। हनीमून के लिए नवदंपती भारत में कई प्रसिद्ध स्थानों के भ्रमण पर जाएंगे। प्रवीण ने बताया कि उन्होंने एबनर को संगिनी चुनने से पहले अपनी हर सच्चाई बताई। जब शादी के लिए एबनर ने भारत आने की बात कही तो कहा कि उसके पास एयरपोर्ट तक गाड़ी लाने के पैसे नहीं हैं तो एबनर ने बस से गांव पहुंचने की इच्छा जताई।
हमारी मुख्य खबरों के लिए यहाँ क्लिक करें।
(राजेश जैन)


Download Android App
Download iOS App



