सिरसा : हरियाणा के गृह मंत्री शुक्रवार को सिरसा में कष्ट निवारण समिति की बैठक लेने पहुंचे। इस दौरान ऐलनाबाद से विधायक अभय चौटाला भी पहुंचे हुए थे। अभय आम जनता के बीच बैठे हुए थे। तभी अनिल विज बैठक में पहुंचे। वे अपनी सीट पर जाकर बैठ गए। तभी उनकी नजर अभय चौटाला पर पड़ी, तो उन्होंने अभय चौटाला को कहकर मंच पर बुलाया और बैठक का हिस्सा बनने के लिए कहा।
इस बैठक के दौरान अभय चौटाला ने विज को कहा कि मेरे विधानसभा क्षेत्र में कोई ऐसा गांव नहीं है, जहां 5 बजे के बाद कोई ऐसा लिंक रोड नहीं है, जिसके ऊपर नशा बेचने वाले लोग, गाड़ियों व मोटरसाइकिल पर खड़े होते हैं। पुलिस उन लोगों को पकड़ने की बजाए, देरी से पहुंचती है। तब तक आरोपी भाग जाते हैं, फिर पुलिस शिकायतकर्ता को कहती है कि तुम हमारा टाइम खराब कर रहे हो।
विज ने अभय की शिकायत पर कहा कि आपने मुझे नशे पर पत्र लिखा था, मैंने उसी वक्त डीजीपी को शिकायत पर कार्रवाई करने के लिए कहा है। अभय चौटाला द्वारा रखे गए अन्य मामलों पर विज ने कहा कि इन पर मैं अगली बैठक में डीसी व एसपी से एक्शन टेकिंग रिपोर्ट लूंगा। विज ने काम न करने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसे अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
मेरा नाम अनिल विज है, किसी के साथ नाइंसाफी नहीं होने दूंगा
सिरसा जिला में जिला लोक सम्पर्क एवं कष्ट निवारण समिति की पहली बैठक की अध्यक्षता करने पहुंचे हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने अपने चिर परिचित अंदाज में बैठक में उपस्थित पीडि़तों को विश्वास दिलाया कि मेरा नाम अनिल विज है और किसी के साथ नाइंसाफी नहीं होने दूंगा।
उन्होंने कहा कि काम न करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को माफ नहीं किया जाएगा। भ्रष्टाचार को जड़ से मिटाना और नागरिकों की समस्याओं का तुरंत समाधान करवाना ही प्रदेश सरकार का लक्ष्य है। सभी विभागों के अधिकारी आपसी तालमेल के साथ आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करें।
विशेषकर पुलिस विभाग के अधिकारियों को हिदायत देते हुए गृह मंत्री ने निर्देश दिए कि पुलिस अधिकारी पीडि़तों के दर्द व मजबूरी को समझते हुए ईमानदारी से काम करें।


Download Android App
Download iOS App



