नई दिल्ली : हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अधीर रंजन चौधरी के पीएम नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह को घुसपैठिया बताने संबंधी विवादित बयान की आलोचना की है। खट्टर ने कहा है कि अधीर रंजन की अक्ल का पेच हिला हुआ है। सीएम खट्टर ने लोकसभा में कांग्रेस संसदीय दल के नेता अधीर रंजन के बयान पर आपत्ति जताते हुए कहा, ‘उनकी अक्ल में कुछ पेच उनका हिला हुआ है।’
दिल्ली में ‘गीता महोत्सव कार्यक्रम’ में भाग लेने आए खट्टर ने कहा, ‘हमारा विचार तो यह है कि स्कूल के सिलेबस में गीता पढ़ाया जाना चाहिए, जिससे बच्चों में अच्छे गुणों का विकास हो।’ बता दें कि एनआरसी को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए अधीर ने कहा, ‘हिंदुस्तान सबके लिए है। ये हिंदुस्तान किसी की जागीर है क्या? सबका समान अधिकार है। अमित शाह जी, नरेंद्र मोदी जी आप खुद घुसपैठिये हैं। घर आपका गुजरात है, आ गए दिल्ली।
आप खुद माइग्रेंट हैं। वैध-अवैध बाद में पता चलेगा।’ गौरतलब है कि बीजेपी की अगुआई वाली केंद्र सरकार पूरे देश में एनआरसी लागू करने की बात कह रही है। गृहमंत्री अमित शाह ने असम के बाद पूरे देश में एनआरसी लागू करने का वादा किया है। अधीर रंजन चौधरी ने कहा, ‘वे दिखाना चाहते हैं कि मुसलमान को भगाएंगे।
मुसलमान को भगाने की उनकी हिम्मत नहीं है। मुसलमान हमारे देश का नागरिक है, भागेगा क्यों? हिंदुस्तान सबके लिए है, हिंदू के लिए है, मुसलमान के लिए है। गंगा-जमुना तहजीब का हिंदुस्तान है। सबके सहयोग से हिंदुस्तान बना है। लेकिन वे दिखाना चाहते हैं कि हम हिंदू को रहने देंगे, मुसलमान को भगा देंगे।’


Download Android App
Download iOS App



