अमृतसर पुलिस ने एक युवक को किया गिरफ्तार, 30 किलो हेरोइन बरामद

Summary :

पंजाब पुलिस की बड़ी कामयाबी, 210 करोड़ की हेरोइन बरामद

पंजाब की अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर उसके पास से 30 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। मिली जानकारी के मुताबिक, हेरोइन की अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 210 करोड़ रुपये बताई जा रही है। पकड़े गए तस्कर की पहचान गुरसिमरन जीत के रूप में हुई है।

एसएसपी चरणजीत सोहल के मुताबिक, खास सूचना मिलने के बाद नाकेबंदी के दौरान युवक को गिरफ्तार किया गया है। इतनी बड़ी मात्रा में हेरोइन पाकिस्तान से ड्रोन के जरिये भारत में पहुंची थी और पंजाब के अलग-अलग हिस्सों में इस हेरोइन को पहुंचाया जाना था। युवक से पूछताछ की जा रही है और इसका संबंध भारत में किस-किस के साथ है, इसे जानने की कोशिश की जा रही है।

एसएसपी चरणजीत सोहल ने बताया कि यह खेप घरिंडा थाने की पुलिस ने पकड़ी है। जब नाका लगाकर गाड़ी को रोका गया तो गुरसिमरन गाड़ी चला रहा था। गुरसिमरन से पूछताछ की जा रही है। वह अमेरिका में बैठे राजू नाम के व्यक्ति के संपर्क में था। राजू ने ही आरोपी को एक लोकेशन भेजा था जिस पर उसे हेरोइन की डिलीवरी करनी थी। हेरोइन की यह खेप चार किस्तों में ड्रोन के जरिये भारत पहुंचाई गई थी। चरणजीत सोहल का कहना है कि यह ऑपरेशन अब भी चल रहा है। विदेश में बैठा तस्कर इन लोगों को कूरियर की तरह इस्तेमाल करता था। जांच में अभी काफी बातें सामने आई हैं। तीन लोगों के नाम भी सामने आए हैं और उन्हें पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.