हरियाणा में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए खट्टर सरकार एक बार फिर सख्ती दिखा सकती है। राज्य सरकार राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे हरियाणा के चार जिलों- गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत और झज्जर की सीमाएं एक बार फिर सील कर सकती है। गृह मंत्री अनिल विज ने मंगलवार को संकेत दिए।
अम्बाला में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए अनिल विज ने कहा कि प्रदेश में ठीक होने वाले मरीजों का दर 75 प्रतिशत है जो बहुत अच्छा है। विज प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री भी हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कोरोना वायरस के संक्रमण के मामलों से निपटने के लिए क्वारंटाइन सेंटर की सुविधाओं, डॉक्टरों, दवाइयों आदि की पर्याप्त व्यवस्था है।

यह पूछे जाने पर कि क्या सरकार प्रभावित इलाकों में लॉकडाउन एवं अन्य उपायों की घोषणा करेगी, विज ने उत्तर दिया, ‘हरियाणा के हित में जो भी करने की जरूरत होगी , मैं वह सब करूंगा।’ इसे दो महीने पहले दिल्ली से सटे हरियाणा के जिलों में कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए विज ने सीमाई जिलों को सील करने का आदेश दिया था।
मंगलवार तक प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण से संक्रमितों की संख्या 22 हजार हो चुकी है, इनमें से अकेले तीन जिलों गुड़गांव, फरीदाबाद एवं सोनीपत में 15 हजार मामले हैं। प्रदेश में इस संक्रमण से जितने लागों की मौत हुई है उनमें से 75 फीसदी मौत इन्हीं जिलों में हुई है।


Download Android App
Download iOS App



