करनाल/नीलोखेड़ी : करनाल लोकसभा क्षेत्र से सांसद अश्विनी चोपड़ा के अथक प्रयासों से अब कुरुक्षेत्र से मथुरा और मथुरा से कुरुक्षेत्र जाने वाली गीता एक्सप्रेस का ठहराव अब नीलोखेड़ी स्टेशन पर होगा। एक्सप्रेस ट्रेन हफ्ते में पांच दिन स्टेशन पर रुकेगी। ट्रेन नं. 11901/11902 मथुरा-कुरुक्षेत्र से चलेगी, जिससे नीलोखेड़ी क्षेत्र के लोगों को इसका लाभ मिलेगा। इस ट्रेन के ठहराव के बाद नीलोखेड़ी और तरावड़ी के लोगों के लिए बहुत फायदा होगा। सूत्रों ने बताया है कि जल्द ही रेलवे विभाग इसकी अधिसूचना जारी कर देगा।
केन्द्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल ने करनाल के सांसद अश्विनी कुमार चोपड़ा को बाकायदा एक पत्र भेजकर सूचना दे दी है। रेल एवं कोयला मंत्री पीयूष गोयल ने सांसद को लिखे पत्र में कहा है कि जनहित के लिए आपने नीलोखेड़ी स्टेशन पर ट्रेन एक्सप्रैस के ठहराव के लिए जो प्रार्थना पत्र दिया था, उसे रेल मंत्रालय ने मंजूर कर लिया है। आपका ध्यान रेल मंत्रालय की तरफ जो लाया गया था उस पर संज्ञान लेते हुए रेल मंत्रालय ने फैसला लिया है कि मथुरा और कुरुक्षेत्र के बीच चलने वाली गीता एक्सप्रेस ट्रेन का पांच दिन के लिए ठहराव किया जाएगा।
रेल मंत्रालय की इस घोषणा केे बाद मथुरा जाने वाले यात्रियों को बहुत बड़ी सुविधा प्रदान होगी। जल्द ही गीता एक्सप्रेस के रुकने के दिन निर्धारित कर दिए जाएंगे। फिलहाल नीलोखेड़ी स्टेशन पर दादर एक्सप्रैस और हिमालयन क्वीन एक्सप्रेस ट्रेन का ही ठहराव है। रेल मंत्री ने बताया कि करनाल लोकसभा से सांसद अश्विनी चोपड़ा समय-समय पर अपने संसदीय क्षेत्र में रेलवे से संबंधित समस्याओं बारे जानकारी देते रहते हैं जोकि उनके द्वारा किया गया कार्य बहुत ही प्रशंसनीय है।
करनाल के सांसद अश्विनी कुमार चोपड़ा के प्रयासों से नीलोखेड़ी में रुकने वाली यह तीसरी एक्सप्रेस ट्रेन होगी। नीलोखेड़ी के रेलवे स्टेशन मास्टर देवी दयाल ने बताया कि फिलहाल अभी इसकी सूचना प्राप्त नहीं हुई है लेकिन अभी गीता एक्सप्रैस मथुरा से चलकर दोपहर 12 बजकर 13 मिनट पर तथा कुरुक्षेत्र से चलकर दोपहर 3 बजकर 9 मिनट पर यहां से गुजरती है। इधर इस ट्रेन के ठहराव के बाद नीलोखेड़ी की पंजाबी सभा, सनातन धर्म मंदिर मिल नगर, बजरंग सेवादल, ब्राह्मण सभा नीलोखेड़ी तथा निःस्वार्थ सोशल ट्रस्ट समेत कई सामाजिक संस्थाओं ने इस पर खुशी जाहिर करते हुए करनाल के सांसद अश्विनी कुमार चोपड़ा का आभार प्रकट किया है।
पंजाबी सभा के शिवनाथ कपूर, समाजसेवी नारायण दास वर्मा, प्रेम सचदेवा, सुरेन्द्र भाटिया, रामस्वरूप चोपड़ा, ब्रिजेश चोपड़ा, विशम्बर वर्मा, सुनील कटारिया, कृष्णलाल कटारिया, विजय कुमार, रविन्द्र कत्याल, दीपक सिंधवानी तथा लोकेश सरदाना और नरेन्द्र शर्मा ने करनाल के सांसद अश्विनी कुमार चोपड़ा का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह सब उनके अथक प्रयासों का नतीजा है। एक्सप्रैस ट्रेन के ठहराव के लिए नीलोखेड़ी की जनता तहे दिल से सांसद का आभार प्रकट करती है।
सांसद जनता सेवा कोे समर्पित रहते हैं : जगमोहन आनन्द
भाजपा जिलाध्यक्ष जगमोहन आनन्द ने मथुरा-कुरुक्षेत्र एक्सप्रैस ट्रेन के ठहराव पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि नीलोखेड़ी में ट्रेन के ठहराव से क्षेत्रवासियों को यात्रा में काफी सुविधा मिलेगी। उन्होंने इस ठहराव के लिए केन्द्रीय रेल एवं कोयला मंत्री पीयूष गोयल एवं सांसद अश्विनी चोपड़ा का आभार व्यक्त किया है।
जगमोहन आनन्द ने कहा कि करनाल से सांसद अश्विनी चोपड़ा हमेशा जनता की सेवा के लिए समर्पित रहते हैं। उनके द्वारा जनहित में उठाये जा रहे कदम प्रशंसनीय हैं। जगमोहन आनन्द ने कहा कि मथुरा-कुरुक्षेत्र ट्रेन के ठहराव का श्रेय सांसद अश्विनी चोपड़ा को जाता है।
ट्रेन के ठहराव का मिलेगा जनता को भरपूर लाभ : कबीरपंथी
नीलोखेड़ी से विधायक भगवानदास कबीरपंथी का कहना है कि सांसद अश्विनी चोपड़ा के अथक प्रयासों से ही नीलोखेड़ी रेलवे स्टेशन पर मथुरा-कुरुक्षेत्र एक्सप्रैस ट्रेन का ठहराव संभव हो पाया है। उन्होंने क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए कहा कि सांसद अश्विनी चोपड़ा ने क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करवाया है।
इससे पूरे नीलोखेड़ी विधानसभा क्षेत्र के लोगों को लाभ मिलेगा। कबीरपंथी ने बताया कि इससे पहले भी सांसद अश्विनी चोपड़ा ने तरावड़ी रेलवे स्टेशन पर भी एक्सप्रैस ट्रेन का ठहराव करवाया था जिसका क्षेत्र की जनता को भरपूर लाभ मिल रहा है।
समालखा में जांगड़ा और प्रताप आटा ने सांसद का जताया आभार
समालखा सुरेश निरंकारी : उत्तर रेलवे बोर्ड सलाहकार समिति के सदस्य कुलदीप जांगड़ा ने बताया कि करनाल लोकसभा के अंतर्गत आने वाली विधानसभा नीलोखेड़ी मेंं गीता जयंती एक्सप्रेस ट्रेन के ठहराव का तोहफा दिया गया है। दैनिक रेल यात्री एसोसिएशन नीलोखेड़ी और स्थानीय लोगों ने इसके लिए सांसद अश्विनी कुमार चोपड़ा का धन्यवाद किया।
कुलदीप जांगड़ा ने बताया कि करनाल से सांसद अश्विनी कुमार चोपड़ा के प्रयासों से ये कार्य हुआ है। जांगड़ा ने बताया कि पिछले दिनों उन्होंने तथा सलाहकार समिति के सदस्य प्रताप सिंह आटा विभिन्न स्टेशनों का दौरा कर दैनिक यात्रियों की समस्याओं को सुनने के साथ ही दैनिक रेल यात्री एसोसिएशन से भी बात की थी।
– हरीश चावला/विजय गुलाटी


Download Android App
Download iOS App




