चरखी दादरी : ओवरलोडिंग के नाम पर अवैध वसूली के आरोप में पकड़े गए दो दलालों की सूचना के बाद शुक्रवार देर रात पुलिस ने चरखी दादरी आरटीए कर्मचारियों के घर पर रेड की। इस दौरान आरटीए के असिस्टेंट सेक्रेटरी मनीष मदान, क्लर्क अमित के घर और दलालों के पास से कुल 50 लाख रुपए बरामद किए गए। यह जानकारी सांपला डीएसपी नरेंद्र कादियान ने दी। उन्होंने बताया कि रेड एसपी रोहतक के आदेश पर की थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
ओवर लोडिंग की 1 गाड़ी क्रास करवाने के लेते थे 8 हजार रुपए
सांपला में दर्ज एफआईआर के अनुसार सीआईए पुलिस को जानकारी मिली थी कि रविंद्र उर्फ काला व सुरेंद्र राठी मिलकर दादरी और नारनौल में डस्ट, रेती, रोडी की ओवर लोडिंग गाड़ियों का बिना चालान कटे निकलवाने के लिए 8 हजार प्रति गाड़ी लेते हैं। वे आरटीए डिपार्टमेंट की दलाली करते हैं।
उनके इस खेल में आरटीए डिपार्टमेंट के असिस्टेंट सेक्रेटरी मनीष मदान व क्लर्क अमित शामिल है। दोनों दलाल मनीष मदान को 12 लाख व अमित को 8 लाख रुपए देकर आए हैं। अब 10 लाख और देने के लिए अवैध वसूली कर रहे हैं। यदि रेड की जाए तो रंगे हाथों गिरफ्तार किया जा सकता है। पुलिस ने इस सूचना के आधार पर टीम गठित की और सांपला के छोटूराम पार्क में रेड की। यहां पार्क के बाहर दो गाड़ियां खड़ी थी, इनमें दो युवक बैठे थे।
एक गाड़ी में बैठे रविंद्र को पुलिस ने पकड़ा तो उसके पास से साढ़े 12 लाख रुपए और उसके साथी सुरेंद्र से 1 लाख रुपए बरामद किए। अपने हिस्से के 10 प्रतिशत काटकर बाकि पैसों को मनीष मदान और अमित के लिए इकट्ठा कर रहे थे। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद एसपी रोहतक के आदेश पर चरखी दादरी में मनीष मदान और अमित के घर पर रेड की गई। यहां से भी पुलिस को कैश बरामद हुआ। डीएसपी सांपला नरेंद्र कादियान का कहना है कि उन्हें 50 लाख रुपए बरामद हुए हैं। चारों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।


Download Android App
Download iOS App



