भारत बायोटेक ने पीजीआई रोहतक में शुरू किया कोरोना वैक्सीन का ह्यूमन ट्रायल

Summary :

भारत बायोटेक को पिछले दिनों ही उसके कोरोना वायरस रोधी टीके कोवेक्सिन का क्लीनिकल ट्रायल शुरू करने के लिए देश के दवा नियामक की मंजूरी मिली थी।

कोरोना महामारी के प्रसार को रोकने के लिए विश्व के देश कोरोना वैक्सीन बनाने की कोशिशों में लगी हुई। भारत भी कोरोना वैक्सीन बनाने के चरण में आगे बढ़ रहा है। भारत बायोटेक ने अपने कोरोना वैक्सीन कोवेक्सिन (Covaxin) का ह्यूमन ट्रायल रोहतक के पीजीआईएमएस में शुरू कर दिया है। हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी।
उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, ‘‘आज तीन लोगों का पंजीकरण किया गया। किसी पर टीके का कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं दिखा।’’ भारत बायोटेक को पिछले दिनों ही उसके कोरोना वायरस रोधी टीके कोवेक्सिन का क्लीनिकल ट्रायल शुरू करने के लिए देश के दवा नियामक की मंजूरी मिली थी।


देश में इस समय कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए सात टीके विकास के विभिन्न स्तर पर हैं जिनमें से दो को मनुष्य पर क्लीनिकल ट्रायल शुरू करने की मंजूरी मिल चुकी है। इस महीने की शुरुआत में जाइडस कंपनी ने कहा था कि उसे टीके के मानव पर परीक्षण शुरू करने के लिए प्राधिकारियों से स्वीकृति मिल गई है।

Desk Team