महाराष्ट्र सरकार में मंत्री एवं कांग्रेस की नेता यशोमती ठाकुर ने शुक्रवार को दावा किया कि प्रदेश में भाजपा के 105 में से कुछ विधायक उनकी पार्टी के संपर्क में हैं और अगर उनके नाम सार्वजनिक कर दिये गये तो ‘भूकंप’ आ जायेगा। भाजपा की ‘सत्ता की भूख’ और उनकी ‘गंदी राजनीति’ के लिये विपक्षी दल पर हमला बोलते हुये ठाकुर ने कहा कि महाराष्ट्र ने देश को एक नया सूत्र दिया है।
उन्होंने यह भी कहा कि शिव सेना की अगुवाई वाली महा विकास अघाडी सरकार स्थिर है। ट्विटर पर एक वीडियो संदेश साझा करते हुये ठाकुर ने भाजपा नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर हमला बोला और कहा कि वह ऐसे लोगों से घिरे हैं जो बाहरी है।
महाविकासआघाडी सरकार स्थिर आहे.नाठाळांच्या माथ्यावर काठी कशी हाणायची याची शिकवण आम्हाला मिळालेली आहे.आमचे कुणी फुटणार नाहीत,उलट १०५ पैकीच काही लोक आमच्या संपर्कात आहेत. त्यांची नावं कळली तर राज्यात भूकंप होईल. @RahulGandhi @kcvenugopalmp @INCIndia @INCMaharashtra pic.twitter.com/T8B0N8x0Gw
— Adv. Yashomati Thakur (@AdvYashomatiINC) July 17, 2020
वह उन नेताओं का हवाला दे रही थी जिन्होंने प्रदेश में पिछले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस एवं राकांपा छोड़ कर भाजपा का दामन थाम लिया था। ठाकुर ने कहा, ‘यह दर्शाता है कि वे कितने कमजोर हैं। भाजपा के 105 विधायकों में से कितने लोग दूसरे दलों से आये हैं ? क्या आप गारंटी लेते हैं कि वे सब हमेशा भाजपा के साथ रहेंगे ?
पार्टी के 105 विधायकों में से उन विधायकों के नाम का खुलासा हो जाये, जो कांग्रेस के संपर्क में हैं तो भूकंप आ जायेगा।’ कांग्रेस नेता ने भाजपा की आलोचना करते हुये कहा कि केंद्र में बहुमत की सरकार होने के बावजूद यह राज्यों में दूसरी पार्टी की सरकारों को अस्थिर करने का प्रयास कर रही है।
प्रदेश की महिला एवं बाल कल्याण विभाग मंत्री ने कहा, ‘भाजपा की सत्तालोलुपता और गंदी राजनीति कर्नाटक, मध्य प्रदेश और अब राजस्थान में दिखी है।
उन्होंने कहा, ‘महाराष्ट्र सरकार स्थिर है, राज्य ने देश को नया सूत्र दिया है और मुझे लगता है कि यह सफल होगा। पिछले साल नवंबर में महाराष्ट्र में शिवसेना, कांग्रेस एवं राकांपा ने मिल कर उद्धव ठाकरे की अगुवाई में सरकार का गठन किया था ।


Download Android App
Download iOS App



