जींद : केन्द्रीय इस्पात मंत्री चौधरी बीरेन्द्र सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार देश में लोकसभा एवं विधानसभा चुनाव एक साथ करवाने पर विचार कर रही है। अगर ऐसा हो जाता है, तो चुनाव पर खर्च होने वाले पांच हजार करोड़ रुपये और मानवीय उर्जा को भी बचाया जा सकता है। रविवार को जींद में बार एसोसिएशन द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि केन्द्र सरकार एक देश -एक चुनाव पर विचार कर रही है। अगर यह निर्णय ले लिया जाता है, तो इससे देश को काफी फायदा पंहुचेगा। फिलहाल चुनाव को लेकर जो व्यवस्था चल रही है, उससे कभी लोकसभा के तो कभी किसी प्रान्त की विधानसभा के चुनाव होते रहते है।
इस कार्य पर सरकार द्वारा काफी धन राशि खर्च करनी पड़ती है और सरकारी अधिकारी एवं कर्मचारी भी चुनाव कार्य में ही उलझे रहते है, जिससे देश के विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। केन्द्रीय कानून एवं न्याय राज्य मंत्री पीपी चौधरी ने कहा कि ई-लाईब्रेरी की बनने से वकीलो को काफी फायदा पंहुचेगा। उन्होंने कहा कि न्यायालयों में रिक्त पड़े पदों को भरा जाना भी बहुत जरूरी होता है। खाली पड़े पदों को भरने से न्याय प्रक्रिया में तेजी आती है। वर्ष 2016-17 में न्यायालयों में रिक्त पड़े काफी पदों को भरा गया है। पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के न्यायधीश सूर्यकांत ने भी सभा को संबोधित किया।
हमारी मुख्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



