रोहतक : मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि पुलिस भी कानून से ऊपर नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार में न तो पुलिस का राजनीति करण किया गया है और न ही अपराधियों को राजनैतिक संरक्षण दिया जाता है। यही भाजपा की मौजूदा व पिछली सरकारों के कार्य का अंतर है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा एक विचारधारा और काम करने की अपनी अलग पद्धति को लेकर ही दूसरे दलों के खिलाफ लड़ाई लड़ रही है। मुख्यमंत्री शुक्रवार को हुड्डा कॉम्पलेक्स स्थित पार्टी कार्यालय में पत्रकारो से बातचीत कर रहे थे। विपक्षी दलों द्वारा भाजपा संगठन की कार्यप्रणाली की नकल करने के बारे में पूछे गए एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि भाजपा संगठन को कार्य करने की विकसित पद्घति एक दिन में नहीं मिली है बल्कि कार्यकत्र्ताओं द्वारा लम्बे समय तक समर्पण भाव से कार्य किया गया है।
लक्ष्य तय करके उसे प्राप्त किया जाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा विधानसभा चुनावो की तैयारियों में लग गई है। आज भी भाजपा संगठन पदाधिकारियों के साथ फिल्ड में कार्य करने का अभियान तय किया गया है। साथ ही जन प्रतिनिधियों की जिम्मेदारियां तय की गई हैं।
उन्होंने बताया कि शक्ति केन्द्रों की बैठके आयोजित की जाएंगी और पन्ना प्रमुखों के कार्यो की भी समीक्षा होगी। उन्होंने कहा कि पन्ना प्रमुखों की मेहनत के चलते ही लोकसभा चुनावों में अधिक मतदान हुआ बल्कि भाजपा को दूसरे दलों की अपेक्षा अधिक मत मिले हैं। उन्होंने कहा कि जो जिले शेष रह गए हैं उनमें भी कार्यकर्ता सम्मेलन किए जाएंगे।
(कथूरिया)


Download Android App
Download iOS App



