करनाल : हरियाणा कांग्रेस की अध्यक्ष कुमारी शैलजा ने कहा कि प्रदेश में भाजपा-जजपा गठबंधन की सरकार ज्यादा दिन चलने वाली नहीं है। दोनों पार्टियों मेें आपसी फूट जनता के सामने आ गई है। आपस में लड़ने वाले लोग जनता का क्या भला करेंगे। कुमारी शैलजा असंध से कांग्रेस विधायक शमशेर सिंह गोगी के करनाल स्थित निवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रही थी।
यहां पहुंंचने पर विधायक शमशेर सिंह गोगी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने चुनाव से पहले वृद्धा पैंशन 5100 रुपए करने की बात कही थी, अब केवल 250 रुपए बढ़ाकर बुजुर्गों का अपमान करने का काम किया गया है। गठबंधन की यह सरकार पूरी तरह विफल है। कोई भी वादा पूरा नहीं किया गया है। क्राइम का ग्राफ दिन प्रतिदिन बढ़ रहा है। देश में आर्थिक मंदी छाई हुई है।
सीएए पर पूछे गए एक सवाल के जवाब में कुमारी शैलजा ने कहा कि भाजपा देश को बांटने का काम कर रही है। भाजपा के बड़े नेता जातिवाद का जहर घोलने का काम कर रहे हैं। संविधान की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा देश हित की बात की है जबकि भाजपा पाकिस्तान को अहमयित दे रही है।
कुमारी शैलजा ने पाकिस्तान स्थित ननकाना साहिब गुरुद्वारा मेें हुई घटना को लेकर कहा कि भारत सरकार को गंभीरता से इस मामले में संज्ञान लेते पाकिस्तान पर दबाव बनाना चाहिए। यह अपमान बर्दाश्त नहीं किया सकता। इस अवसर पर पूर्व विधायक बंताराम, पूर्व विधायक सुमिता सिंह, जोगिंद्र नली, अरूण कुमार पंजाबी व महिला कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष सुधा भारद्वाज मौजूद रहे।


Download Android App
Download iOS App



