रोहतक : भाजपा आईटी सेल द्वारा आम आदमी को सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ जोड़ने की तैयारी की गई है। इसे ‘एक पोस्ट नमो के नाम’ के माध्यम से आम आदमी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार में उठाए गए कदमों पर पोस्ट करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
हरियाणा लोकसभा चुनाव समिति सह प्रभारी विश्वास सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की चौकीदारी को सकारात्मक तौर पर निभाया है। आज जीजी, जीजा, साला और दलाल क्यों राफेल का विरोध कर रहे हैं, इसे प्रदेश की जनता भली-भांति से समझती है और आगामी चुनाव में उन्हें सबक सिखाएगी। मंगलवार को चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक में शिरकत करने पहुंचे सहप्रभारी विश्वास सारंग पत्रकारों से रूबरू हो रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में हुए घोटालों को भाजपा ने पकड़ने का काम किया है।
आज विजय माल्या से लेकर नीरव मोदी पर शिकंजा कसने के देश की जनता समझ चुकी है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाकई में देश की चौकीदारी सकारात्मक तरीके से निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमें खुशी है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की अस्मिता, एकता, आंतरिक सुरक्षा को सशक्त करने तथा आतंकवाद और नक्सलवाद पर सख्ती करने के लिए दिनरात एक किया है।
उन्होंने कहा कि जनता चुनाव में कांग्रेस से जरूर पूछेगी कि जीजी, जीजा, साला और दलाल दशक भर राफेल पर आगे नहीं बढ़ पाए और आज जब भाजपा सरकार ने इसे सिरे चढ़ाया है तो आज वो चिल्ला रहे हैं। ऐसा इसलिए है कि भाजपा ने इनके दलालों को खाने का मौका नहीं दिया।
– मनमोहन कथूरिया


Download Android App
Download iOS App



