सिरसा : हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष एवं सिरसा संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार डा. अशोक तंवर ने रविवार को सिरसा में बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अपने चुनाव प्रचार की शुरूआत की, जिसमें डा. तंवर को स्थानीय लोगों का जबरदस्त सहयोग एवं समर्थन मिला। इसके बाद पत्रकारों से बातचीत में डा. तंवर ने कहा कि फ्रांस के समाचार पत्र द्वारा राफेल सौदे पर किए गए खुलासे के बाद अब चौकीदार की सच्चाई देश के सामने खुलकर आ गई है और अब देश की जनता चुनाव में वोट की चोट से भाजपा से हर घोटाले का बदला लेने का काम करेगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डा.अशोक तंवर ने भाजपा को घोटालों की सरकार बताते हुए कहा कि भाजपा राज में बड़े-बड़े घोटाले किए गए है और अब उसी कालेधन से भाजपा दोबारा सत्ता हासिल करने का सपना संजोए हुए है। उन्होने कहा कि भाजपा ने कालेधन से हर लोकसभा क्षेत्र में 200 करोड़ रूपये खर्च कर अपने उम्मीदवार को लड़वाने का प्लान तैयार किया है लेकिन पैसे के नशे में चूर भाजपा के उम्मीदवारों की जमानतें जब्त करवाकर जनता इस चुनाव में भाजपा को सबक सिखाने का काम करेगी।
उन्होने कहा कि कांग्रेस पार्टी तो राफेल डील को लेकर बहुत पहले ही खुलासा कर चुकी है लेकिन बीजेपी ने सत्ता का दुरूपयोग करके अपने आपको बचाने की कोशिश की लेकिन शायद बीजेपी को ये नही पता कि झूठ के पांव नही होते और सच आखिरकार सामने आकर ही रहता है।


Download Android App
Download iOS App



