सोनीपत : कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि विकास की बजाए भाजपा की सोच बंटवारे पर आधारित है। वह समाज को बांट कर अपनी राजनीति चमकाने का काम करती है। जबकि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने हमेशा समाज के भाईचारे को ऊपर रखा और इसके बाद राजनीति की। उन्होंने कहा कि सोनीपत में हुड्डा सरकार के समय में जो प्रोजेक्ट शुरू हुए थे, इनमें से एक भी मौजूदा सरकार ने पूरा नहीं किया है। सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा यहां सूरजमल मलिक की सतहरवीं के मौके पर पहुंचे थे। छोटूराम धर्मशाला में आयोजित इस सामाजिक कार्यक्रम में शिरकत के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत की। इसमें दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि तीन ऐसे बड़े प्रोजेक्ट हैं, जो समय पर पूरे होते तो सोनीपत जिले का नक्शा कुछ ओर ही होता। लेकिन मौजूदा सरकार ने विकास की बजाए आपस में लोगों को बांटने का रास्ता अपना लिया।
उन्होंने कहा कि गन्नौर में कंटेनर कारपोरेशन का डिपो तथा फल एवं सब्जी की अंतर्राष्ट्रीय मंडी और किलोहड़द में बनने वाली ट्रिपल आईटी तीनों ही प्रोजेक्ट पर एक ईंट मौजूदा सरकार के समय में नहीं लगी है। सांसद हुड्डा ने कहा कि भाजपा नहीं चाहती कि इस इलाके का विकास हो। चूंकि इस इलाके ने कांग्रेस के विधायक चुने थे। अब सरकार विकास में भी भेदभाव की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि तीन बार प्रदेश को जलाने वाली और भाईचारा खराब करने वाली भाजपा को चुनाव के समय में जनता को जवाब देना पड़ेगा। जनक्रांति यात्रा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि 12 अगस्त से महेंद्रगढ़ में यात्रा के पांचवें चरण का आगाज किया जाएगा।
प्रदेश में भाजपा सरकार बनना लोगों का दुर्भाग्य : दीपेंद्र
उन्होंने कहा कि जनक्रांति यात्रा में जिस तरह का सहयोग और जनसमर्थन मिल रहा है। वह बताता है कि मौजूदा सरकार से जनता कितनी त्रस्त आ चुकी है। उन्होंने कहा कि अब समय दूर नहीं है और जल्द ही प्रदेश व देश से इस जनविरोधी सरकार का सफाया होगा। इस मौके पर उनके साथ पूर्व स्पीकर एवं विधायक कुलदीप शर्मा, जगबीर सिंह मलिक, रवि परूथी, अनिल ठक्कर, प्रदीप सांगवान, मनोज रिढाऊ, सुरेंद्र दहिया, सुरेश जोगी, बिजेंद्र मलिक, सुनील कटारिया, सुरेश भारद्वाज, ललित दिवान, कृष्ण मलिक, कामराज मलिक आदि मौजूद रहे।


Download Android App
Download iOS App



