हरियाणा में भाजपा की ‘ट्रिपल इंजन’ की सरकार बन रही है : नायब सिंह सैनी

Summary :

पानीपत में भाजपा की मेयर प्रत्याशी के समर्थन में रोड शो

हरियाणा में निकाय चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मंगलवार को पानीपत में थे। यहां उन्होंने भाजपा की मेयर प्रत्याशी कोमल सैनी के समर्थन में रोड शो किया। सीएम सैनी ने मीडिया से बातचीत में कहा, “हमारे पार्षद पद के प्रत्याशी और मेयर पद की प्रत्याशी के लिए भारी संख्या में लोग नामांकन कार्यक्रम में आए। भाजपा के प्रति लोगों का यह विश्वास दिखाता है कि प्रदेश में भाजपा की ‘ट्रिपल इंजन की सरकार’ बन रही है।”

कांग्रेस पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करने वाली पार्टी बन गई है, कांग्रेस के नेता एसी रूम में बैठकर पोस्ट करते हैं, वे धरातल पर नजर नहीं आते। उन्होंने कहा कि रोहतक में कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी जो पिछले 35 वर्षों से कांग्रेस की सेवा कर रहे थे, भाजपा की नीतियों को स्वीकार कर चुके हैं। कांग्रेस की भ्रष्टाचार फैलाने वाली सरकार थी, जबकि भाजपा की काम करने वाली सरकार है।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, “भाजपा की मेयर प्रत्याशी कोमल सैनी के नामांकन रोड शो में पूरा पानीपत उमड़ पड़ा है। आज कोमल सैनी के समर्थन में रोड शो कर उनका नामांकन दाखिल करवाया। जनता का यह उत्साह प्रदेश की नॉन-स्टॉप सरकार और भाजपा में लोगों की आशा और विश्वास को साफ दिखा रहा है। जन-जन ने प्रदेश में भाजपा की ‘ट्रिपल इंजन सरकार’ बनाने का मन बना लिया है। पानीपत की जनता का जोश और उत्साह भाजपा की प्रचंड विजय का स्पष्ट संकेत है। इतनी बड़ी संख्या में आपकी यह उपस्थिति प्रदेश की नॉन-स्टॉप सरकार के प्रति आपके विश्वास और समर्थन को दर्शाती है। सभी स्थानीय निकाय चुनाव के हमारे प्रतिनिधि लोकतंत्र की नींव को और मजबूत करेंगे जिससे सरकार की योजनाएं और प्रभावी ढंग से लागू होंगी। भाजपा की ‘ट्रिपल इंजन सरकार’ बनते ही संकल्प पत्र के सभी 21 संकल्पों को पूरा करने की गारंटी मेरी है।”

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.