नई दिल्ली : दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश पर शिक्षक भर्ती घोटाले में दस साल की सजा काट रहे हरियाणा पूर्व सीएम ओमप्रकाश चौटाला की 14 दिन की पैरोल मंजूर कर ली गई है। दिल्ली सरकार ने बिना किसी शर्त पैरोल मंजूर की है। ऐसा कयास लगाया जा रहा है कि वह जेल से बाहर आते ही इंडियन नेशनल लोकदल के संगठन की मजबूती के लिए पूरे प्रदेश का दौरा कर सकते हैं। इनेलो प्रमुख चौटाला ने लोकसभा चुनाव से पहले दिल्ली हाईकोर्ट में बढ़ती उम्र और दिव्यांगता का हवाला देते हुए समय से पूर्व सजा माफ करने की अर्जी भी लगाई है।
इस याचिका के निपटारे के लिए भी दिल्ली सरकार को हाईकोर्ट ने आदेश दिए थे। मगर यह याचिका दिल्ली सरकार के पास विचाराधीन है। हाल ही में चौटाला ने एक बार फिर से जल्द रिहाई के लिए बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका हाईकोर्ट में दायर की है। जिस पर सुनवाई 8 अगस्त के लिए तय की गई है। इससे पहले 29 मार्च को दिल्ली सरकार को 2 सप्ताह में चौटाला की याचिका पर निर्णय लेने का आदेश हाईकोर्ट ने दिया था।
इस आवेदन को दिल्ली सरकार ने 3 अप्रैल को खारिज कर दिया था। चौटाला ने बाहर आते ही बुधवार को दिल्ली के मीना बाग स्थित 11 नंबर कोठी पर पॉलिटिकल अफेयर कमेटी की मीटिंग तय कर दी है। इस मीटिंग में सभी विधायक, सांसद और समिति सदस्य मौजूद रहेंगे। लोकसभा चुनाव के आए परिणामों के बाद इनेलो की यह मीटिंग अहम मानी जा रही है। इस मीटिंग में इनेलो विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी रणनीति बनाएगा। इसके साथ ही चौटाला के प्रदेश भर में दौर भी तय होंगे। इधर, चौटाला ने बाहर आने के बाद अपने संदेश में कार्यकर्ताओं से कहा है कि वे उनसे जल्द मुलाकात करेंगे। उनसे मन की बात साझा करेंगे और सुनेंगे।


Download Android App
Download iOS App



