रोहतक : प्रदेश सरकार द्वारा 720 प्राइवेट बसे प्रति किलोमीटर स्कीम के तहत हायर करने के फैसले के विरोध में रोडवेज तालमेल कमेटी के आह्वान पर दो दिवसीय चक्का जाम के पहले दिन मिलाजुला असर दिखाई दिया। हड़ताल से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन व विभाग द्वारा पुख्ता प्रबंध किए गए। अल सुबह चार बजे रोडवेज कर्मियों ने कर्मशाला से बसे नहीं निकलने दी, लेकिन पुलिस व विभाग के उच्च अधिकारियों ने सख्ती दिखाते हुए बसों को संचालन करवाया। इस दौरान रोडवेज कर्मचारियों व पुलिस के बीच तनातनी भी हुई और पुलिस ने कर्मचारियों को हिरासत में ले लिया। कर्मचारियों का कहना है कि सरकार तानाशाही रवैया अपना रही है और निजीकरण कर रोडवेज विभाग को बर्बाद करने पर तुली हुई है।
सरकार जब तक 720 प्राइवेट बसों को हायर करने के फैसले को रद्द नहीं करती है तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। वहीं यात्रियों को परेशानियों का सामना न करना पडे, इसलिए प्राइवेट बसो ने कमान संभाल रखी और जमकर चांदी कूटी। रोडवेज डिपो के महाप्रबंधक का कहना है कि हडताल के चलते यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई है और बसो का संचालन जारी है और हडताल में शामिल कर्मचारियों के खिलाफएस्मा के तहत कारवाई की जाएगी।
हरियाणा में आज से बसों का चक्का जाम
मंगलवार अल सुबह चार बजे रोडवेज तालमेल कमेटी के सदस्य वीरेन्द्र सिंह धनखड़, जोगेन्द्र बल्हारा, सुमेर सिवाच, जयकुंवार दहिया, हिम्मत राणा, रमेश, धर्मबीर हुड्डा सहित काफी संख्या में कर्मचारी नए बस स्टैंड स्थित रोडवेज कर्मशाला में पहुंचे और बसों को गेट से बाहर नहीं निकलने दिया। इस दौरान बस स्टैंड पर पहले से भारी पुलिस बल मौजूद रहा। बसो के संचालन को लेकर पुलिस व कर्मचारियों के बीच काफी देर तनातनी हुई और पुलिस ने हडताली कर्मचारियों को हिरासत में ले लिया। तालमेल कमेटी के सदस्यो ने कहा कि सरकार अपने चहेतों को लाभ पहुंचाने के लिए विभाग को निजीकरण की और धकेल रही है, जिसे कर्मचारी किसी कीमत पर बर्दाशत नहीं करेगा।
जब तक सरकार प्राइवेट बसों को परमिट देने का फैंसला वापस नहीं लेती है, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। रोहतक डिपो के महा प्रबंधक राहुल जैन ने कहा कि चक्का जाम की वजह से यात्रियों को किसी प्रकार की दिक्कतो का सामना नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि रोहतक डिपो में 192 बसे है, जिनमें 113 बसों का संचालन हो रहा है। कर्मचारियों को मनमानी नहीं करने दी जाएगी, जो भी विरोध करेगा उसके खिलाफ सख्त कारवाई की जाएगी।
(मनमोहन कथूरिया)


Download Android App
Download iOS App



