गुरुग्राम : मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सोमवार को गुरुग्राम जिला के गांव सुल्तानपुर में डिग्री कॉलेज तथा फर्रूखनगर में बनने वाले 50 बैड के अस्पताल की आधारशिला रखी। हरियाणा के शिक्षा मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा, हरियाणा के लोक निर्माण मंत्री राव नरबीर सिंह तथा वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु भी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री का गांव सुल्तानपुर पहुंचने पर ग्रामीणों ने उनका फूल मालाओं से भव्य स्वागत किया। ग्रामीणों ने गर्मजोशी से मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए उनके पक्ष में जयकारे लगाए। गुरूग्राम जिला के फर्रूखनगर ब्लॉक में पिछले लंबे समय से डिग्री कॉलेज की कमी महसूस की जा रही थी, जिसकी मांग लगातार यहां के स्थानीय निवासियों द्वारा की जा रही थी।
लोक निर्माण मंत्री राव नरबीर सिंह के प्रयासों के चलते आज आखिरकार इस मांग को अमलीजामा पहनाया गया। अपनी वर्षों पुरानी मांग को पूरा होते देख ग्रामीण काफी उत्साहित नजर आए। उन्होंने मुख्यमंत्री का अपनी इस मांग को पूरा करने के लिए आभार व्यक्त किया। इस डिग्री कॉलेज के बनने से युवाओं को पढऩे के लिए अपने गांव से दूर नही जाना पड़ेगा।
ग्रामीणों ने हरियाणा के लोक निर्माण मंत्री का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने शिक्षा मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा तथा वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु के पक्ष में भी नारे लगाए। इसी प्रकार मुख्यमंत्री द्वारा आज सुल्तानपुर में ही फर्रूखनगर में बनने वाले 50 बैड के अस्पताल का शिलान्यास किया। इस अस्पताल के बनने से यहां के लोगों को पहले से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी और उन्हें ईलाज के लिए गुरूग्राम नही जाना पड़ेगा।
– सतबीर, हंसराज


Download Android App
Download iOS App



