चंडीगढ़ : लोकसभा चुनाव में बीजेपी की प्रचंड जीत के बाद मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने हरियाणा में विकास कार्यों का जायजा लेना शुरु कर दिया है। शहर में सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का कितना फायदा जनता तक पहुंच पा रहा है इसका भी आंकलन करने का जिम्मा मनोहर सरकार ने खुद उठाया है। इसके लिए मुख्यमंत्री ने एक और सुधार सेल के प्रोजेक्ट डायरेक्टर रॉकी मित्तल को जिम्मा सौंपा है।
अपनी बेबाक बयान और ईमानदारी के लिए चर्चा में रहने वाले रॉकी मित्तल पूरे हरियाणा में साफ सफाई व्यवस्था का जायजा लेकर मुख्यमंत्री और संबंधित विभाग के मंत्रियों को रिपोर्ट सौपेंगे। तीन महीने पहले हरियाणा के स्कूल कॉलेजों में अपने धाकड़ अंदाज में निरीक्षण करके रॉकी मित्तल ने स्कूलों में सुविधाएं, मनचलों की धड़पकड़, महिला सुरक्षा और नशे को रोकने के लिए कई सार्थक काम किए थे।
अब इस नई जिम्मेदारी पर रॉकी मित्तल का कहना है कि मनोहर सरकार में विपक्ष तो कोई खास भूमिका निभा नहीं रहा है इसलिए खुद मुख्यमंत्री जी ने अपनी टीम को ही हरियाणा में सरकारी योजनाओं की स्थिति का जायजा लेने के लिए निरीक्षण करने के आदेश दिए हैं, खासतौर पर पूरे हरियाणा की सफाई व्यवस्था पर एक और सुधार जायजा लेगा। रॉकी मित्तल ने बताया कि इस जिम्मेदारी के मिलने के साथ ही उन्होंने अपनी टीम के साथ रोहतक के मखड़ौली टोल रोड पर छापा मारा।
छापा मारने पर उन्होंने पाया कि टोल रोड पर अधिकृत कंपनी तो टोल वसूलने पर ही व्यस्त थी जबकि वहीं नजदीक जन सुविधा के लिए बनाई गई टॉयलेट का बुरा हाल था। नियमों के अनुसार टोल कंपनी को ही पब्लिक के लिए बनाई गई टॉयलेट की रखरखाव और साफ सफाई की जिम्मेदारी संभालनी होती है। वहां पर जन शौचालय बदबू और गंदगी से भरा हुआ था और टॉयलेट की शीट्स भी टूटी हुई थी। इस कारण पब्लिक को बहुत ज्यादा समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। इस इस मसले पर वहां पर कंपनी के अधिकारियों से सवाल किया गया तो उनके पास कोई भी जवाब नहीं था।
रॉकी मित्तल ने बताया कि उन्होंने इस छापे की रिपोर्ट बनाकर सडक़, परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, रोहतक के डीसी और मुख्यमंत्री कार्यालय में सौंप दी है। रॉकी मित्तल ने बताया कि सरकार ने इन टोल कंपनियों को टॉयलेट आदि की भी जिम्मेदारी दी है और अगर यह सफाई व्यवस्था का ध्यान नहीं रखते हैं तो इन पर एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। एक और सुधार आने वाले समय में पूरे हरियाणा में साफ सफाई को लेकर दौरा करने वाला है।
रॉकी मित्तल का कहना है कि आने वाले महीने हमारे लिए चुनौतीपूर्ण हैं क्योंकि बारिश आने वाली है और मलेरिया व डेंगू की भी रोकथाम करना मनोहर सरकार की ही जिम्मेदारी है। इसको ध्यान में रखते हुए एक और सुधार सेल हर हफ्ते अपनी रिपोर्ट मुख्यमंत्री और संबंधित मंत्री को सौंपेगा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल साफ सफाई में लापरवाही बरतने वाले विभागों को पर सख्त कार्यवाही करेंगे।
(आहूजा)


Download Android App
Download iOS App



