नई दिल्ली : ईडी और आयकर विभाग की टीमों द्वारा कांग्रेस के दो वरिष्ठ नेताओं पर कार्रवाई के बाद हरियाणा की सिसासत में उबाल आ गया है। कांग्रेस और भाजपा नेताओं ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए है। आरोप-प्रत्यारोप का दौर पहले जिला स्तरीय नेताओं में चल रहा था मगर अब कांग्रेस प्रवक्ता व विधायक रणदीप सुरजेवाला ने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह बदले की भावना से काम कर रही है।
सुरजेवाला ने ट्वीट कर कहा कि एक और दिन, एक और कांग्रेस नेता पर हमला। इस बार निशाना पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा को बनाया गया है। इसी तरह से कुलदीप बिश्नोई समर्थकों ने भी भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा कांग्रेस नेताओं की आवाज को नहीं दबा सकती। कांग्रेस इस दमनचक्र के खिलाफ लड़ती रहेगी। इसी के साथ ही कांग्रेस ने 27 जुलाई शनिवार को हिसार में आयकर विभाग के छापों के खिलाफ प्रदर्शन का फैसला किया है।
कांग्रेस नेता कमल सिंह ने घोषणा कि यहां के सभी कांग्रेस नेता एकजुट होकर हिसार के कटला रामलीला मैदान में एकत्रित होंगे और प्रदर्शन करेंगे। इन छापों से कार्यकर्ताओं में भारी रोष है। वहीं कांग्रेस के आरोपों पर खट्टर सरकार के वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने पलटवार किया है।
विज ने कहा कि जो कुछ भी उन्होंने किया है यह सब उसका नतीजा है। जैसी करनी वैसी भरनी। जो इन्हें अब अपनी करनी का फल हर हालत में भुगतना पड़ेगा। यह लोकतंत्र है और यहां ऐसा नहीं है कि तुम कुछ भी कर दो और कोई तुम्हें पूछेगा नहीं। विज ने कहा, यही हाल कुलदीप बिश्नोई का है। अब वास्तिवकता तभी सामने आएगी जब इनकम टैक्स डिपार्टमेंट अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगा।


Download Android App
Download iOS App



