हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी शैलजा और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा के बेटे दीपेन्द्र हुड्डा में राज्यसभा नामांकन के लिए जारी दौड़ के बीच पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने बृहस्पतिवार को दीपेन्द्र की उम्मीदवारी का समर्थन किया।
रोहतक के विधायक बी बी बत्रा ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘अंतिम निर्णय पार्टी आलाकमान को करना है लेकिन पार्टी के विधायक अपने विचार रख सकते हैं। और विधायक चाहते हैं कि दीपेन्द्र (सिंह हुड्डा) का नामांकन हो लेकिन यह पार्टी आलाकमान पर निर्भर करता है।’’
हुड्डा के विश्वासपात्र बत्रा ने राज्यसभा की वर्तमान सदस्य शैलजा के खिलाफ दीपेन्द्र का समर्थन किया है। शैलजा का कार्यकाल अगले महीने समाप्त हो रहा है।
90 सदस्यीय हरियाणा विधानसभा में कांग्रेस के 31 विधायक हैं और उनमें अधिकतर हुड्डा के विश्वासपात्र हैं। पार्टी सूत्रों ने दावा किया कि ऊपरी सदन के लिए वह अपने बेटे की उम्मीदवारी के लिए पुरजोर प्रयास कर रहे हैं।
रोहतक के विधायक बत्रा ने दावा किया कि राज्य में कांग्रेस के अधिकतर विधायक चाहते हैं कि दीपेन्द्र हुड्डा का नामांकन हो।
दीपेन्द्र तीन बार रोहतक से सांसद रहे हैं।
वहीं अक्टूबर 2019 में विधानसभा चुनावों से कुछ हफ्ते पहले हरियाणा कांग्रेस की अध्यक्ष नियुक्त की गई शैलजा पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी के करीबी मानी जाती हैं।


Download Android App
Download iOS App



