कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने रविवार को आंदोलनकारी किसानों को भरोसा दिया कि वह सड़क से संसद तक किसानों के हर संघर्ष में उनके साथ हैं और उनकी आवाज़ वह पुरजोर तरीके से उठाते रहेंगे। हुड्डा खटकड़ टोल, बद्दोवाला टोल पर धरने पर बैठे आंदोलनकारी किसानों के बीच पहुंचे।
खटकड़ टोल पर आंदोलनकारी किसानों ने दीपेंद्र हुड्डा को किसानों के मुद्दे को राज्यसभा में जोरदार तरीके से उठाने के लिए धन्यवाद दिया। हुड्डा ने कहा, ‘‘भाजपा नेता यदि किसानों का सम्मान नहीं कर सकते तो कम से कम उनका अपमान न करें।
भाजपा नेताओं द्वारा किसानों के प्रति अपमानजनक भाषा का प्रयोग ही उनके बहिष्कार का कारण है। भाजपा का अहंकार ही उसके पतन का कारण बनेगा।’’ सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने गांव ढिंडोली में किसान स्वर्गीय राधा मानसिंह और गांव सिंहवाल में किसान स्वर्गीय करमबीर के घर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
दीपेन्द्र हुड्डा ने इन किसानों के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने आंदोलन में जान गंवाने वाले किसानों के परिवारों को राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा के निर्देश पर कांग्रेस विधायक दल की ओर से दी जा रही 2-2 लाख रुपये की आर्थिक मदद सौंपी।


Download Android App
Download iOS App



