कांग्रेस हरियाणा विधानसभा चुनाव में अपने सभी 17 मौजूदा विधायकों को टिकट देगी। इस आशय का फैसला विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की राज्य चुनाव समिति की बृहस्पतिवार को यहां हुई बैठक में किया गया।
इस बैठक में पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर शामिल नहीं हुए। उनके करीबियों का कहना है कि इस बैठक के समय ही तंवर प्रदेश स्तरीय आईटी सेल की बैठक में शामिल थे इसलिए वह इसमें शिरकत नहीं कर सके।
सूत्रों का कहना है कि चुनाव समिति की इस बैठक में यह सहमति भी बनी कि उम्मीदवारों के चयन में युवाओं और महिलाओं को उचित प्रतिनिधित्व दिया जाएगा तथा समाज के सभी तबकों के लोगों को समाहित करने का प्रयास होगा।
बैठक में शामिल एक नेता नेता ने बताया, ‘‘यह सहमति बनी कि सभी मौजूदा विधायकों को टिकट दिया जाएगा। इसके साथ ही युवाओं, महिलाओं और समाज के सभी वर्गों के लोगों को उचित प्रतिनिधित्व दिया जाएगा।’’
इस सप्ताह के आखिर में ही हरियाणा के लिए बनी कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक भी हो सकती है।
सूत्रों का कहना है कि अगले कुछ दिनों के भीतर ही उम्मीदवारों की घोषणा करने की तैयारी है।
राज्य की सभी 90 विधानसभा सीटों पर 21 अक्टूबर को मतदान होना है। 24 अक्टूबर को मतगणना होगी।


Download Android App
Download iOS App



