ग्रेटर फरीदाबाद: केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने आज यहां फरीदाबाद विकास खण्ड के ग्राम खेड़ी कलां से नचौली तक की लिंक सड़क के निर्माण कार्य का शिलान्यास ग्राम नचौली में किया। आरएमसी विधि से पक्की सिमेंटिड बनाई जाने वाली इस सड़क के निर्माण कार्य पर लगभग एक करोड़ रूपये की लागत आयेगी। स्थानीय लोगों द्वारा इस सड़क के निर्माण के लिए पिछले काफी लम्बे समय से मांग की जा रही थी। शिलान्यास कार्यक्रम के मौके पर जिला परिषद के चेयरमैन विनोद चौधरी, नगर निगम के वरिष्ठ उपमहापौर देवेन्द्र चौधरी, जिला पार्षद जगत सिंह एडवोकेट तथा वरिष्ठ भाजपा नेता सुभाष वीर प्रमुख रूप में उपस्थित थे। श्री गुर्जर ने ग्रामवासियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सबका साथ-सबका विकास के नारे के साथ पूरे देश का एक समान रूप से चहुंमुखी विकास करने के लिए वचनबद्ध है।
इसी प्रकार हरियाणा के मुख्यमुत्री मनोहर लाल भी हरियाणा एक हरियाणवीं एक की तर्ज पर पूरे हरियाणा का बिना किसी भेदभाव के ही सर्वांगीण विकास पूरा करवाने में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि आज गांवों में भी शहरों की तरह ही सीमेन्टिड सड़कों का जाल बिछा कर मजबूत ढांचागत विकास सुनिश्चित किया जा रहा है। इस अनूठे विकास रूपी अभियान के तहत नहर पार तिगांव विधानसभा क्षेत्र के अन्तर्गत आने वाले सभी गांवों में किसी प्रकार की कसर बाकी नहीं रहने दी जाएगी। क्षेत्र के लोगों ने मंत्री श्री गुर्जर तथा देवेन्द्र चौधरी को फूलमालाएं पहना कर स्वागत किया। इस अवसर पर तिगांव विधानसभा क्षेत्र भाजपा निगरानी कमेटी के अध्यक्ष एवं नचौली के सरपंच सुधीर नागर के अलावा महेन्द्र सिंह व रामेश्वर सिंह सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद थे।
– राजेश नागर


Download Android App
Download iOS App



