हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने दूसरे कार्यकाल के पहले विधानसभा सत्र में प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में पांच-पांच करोड़ रुपए के विकास कार्य करवाने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने सभी विधायकों को आहवान किया है कि वह अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों के लिए खुले दिल से विकास परियोजनाएं बनाकर सरकार को दें।
मंगलवार को सदन की कार्यवाही स्थगित होने से पहले राज्यपाल के अभिभाषण पर जवाब देते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा की वर्तमान भाजपा सरकार ने अपने पिछले कार्यकाल के दौरान भी समूचे प्रदेश में एक समान विकास करवाकर क्षेत्रवाद का दाग धोने का काम किया है। मुख्यमंत्री ने सदन को बताया कि पिछले कार्यकाल के दौरान भी पहले सत्र के दौरान भी उन्होंने सभी विधानसभा क्षेत्रों में करीब साढे चार सौ करोड़ रुपए की योजनाओं को मंजूरी दी थी।
आज दूसरे कार्यकाल के पहले सत्र में भी सीएम ने दोहराया कि प्रदेश के सभी विधायक अपने-अपने क्षेत्रों के लिए पांच-पांच करोड़ रुपए तक की विकास परियोजनाएं बनाकर लाएं। जिन्हें जल्द से जल्द मंजूरी प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री ने भाजपा द्वारा जारी किए गए चुनावी घोषणा पत्र को आधार बनाते हुए कहा कि राज्य सरकार द्वारा सभी विभागों में आउटसोर्सिंग के तहत कार्यरत महिला कर्मचारियों को भी अब नियमित महिला कर्मियों की तर्ज पर मातृत्व अवकाश की सुविधा मिलेगी। सरकार का यह फैसला अगले सप्ताह से प्रदेश में लागू हो जाएगा।


Download Android App
Download iOS App



